रायपुर (विश्व परिवार)। लक्ष्मी महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित रायपुर की 32वीं वार्षिक आमसभा 20 सितंबर 2026, रविवार को मिलेनियम प्लाजा कॉम्पलेक्स, जीई रोड स्थित बैंक परिसर में आयोजित की गई। कार्यक्रम में बैंक के संचालक मंडल के सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में बैंक सदस्य उपस्थित रहे।
बैंक अध्यक्ष सत्यबाला अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1994 में 15 लाख रुपए की अल्प पूंजी के साथ कुछ महिलाओं को साथ लेकर छत्तीसगढ़ के प्रथम महिला नागरिक सहकारी बैंक की स्थापना की गई थी। आज बैंक करीब 16,500 सदस्यों तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि बैंक की इस प्रगति के पीछे लगातार किए गए प्रयास और महिलाओं को बैंकिंग क्षेत्र से जोड़ने की पहल महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने बताया कि बैंक की स्थापना के शुरुआती दौर में महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलकर काम करना आसान नहीं था। ऐसे समय में महिलाओं के साथ गली-मोहल्लों और घर-घर जाकर संपर्क किया गया और बैंक की स्थापना के उद्देश्य को पूरा किया गया। बैंकिंग क्षेत्र से महिलाओं को सीधे जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बैंक की उपलब्धियों के लिए अध्यक्ष सत्यबाला अग्रवाल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार एवं सम्मान मिल चुके हैं।
32वीं वार्षिक आमसभा का शुभारंभ बैंक अध्यक्ष सत्यबाला अग्रवाल और संचालक मंडल के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद नर्मदा वर्मा और स्वाति अमीन ने सहकारिता गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यबाला अग्रवाल ने बैंक की स्थापना से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद कभी हार न मानने की जिद और निरंतर प्रयास ही सफलता का आधार है। उन्होंने संचालक मंडल के सदस्यों, सीईओ और कर्मचारियों द्वारा बैंक की प्रगति में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
बैंक के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल कुमार जैन ने बैंक की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों तथा वर्ष 2027-28 के प्रस्तावित बजट और वार्षिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 को बैंक की अंश पूंजी 489.46 लाख रुपए, जमा राशि 13,343.36 लाख रुपए, ऋण एवं अग्रिम 7,722.30 लाख रुपए तथा कार्यशील पूंजी 16,681.15 लाख रुपए रही। बैंक का शुद्ध लाभ 35.07 लाख रुपए रहा, जबकि सीआरएआर 25.11 प्रतिशत रहा।
उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए बैंक की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। बैंक अपने ग्राहकों को कोर बैंकिंग सिस्टम के माध्यम से आरटीजीएस, एनईएफटी, एटीएम कार्ड, मोबाइल बैंकिंग, आईएमपीएस और एसएमएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन बैंक प्रबंधक संजय शर्मा ने किया। संचालक मंडल की वरिष्ठ संचालक नर्मदा वर्मा ने आभार व्यक्त किया।
आमसभा में बैंक की उपाध्यक्ष शांति अग्रवाल, संचालक ज्योति अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, मुक्ति देवांगन, प्रेरणा भंडारी, कुसुम सिंघानिया, नर्मदा वर्मा, मधु पटेल सहित बैंक के सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






