छत्तीसगढ़रायपुर

BIS रायपुर में हिन्दी पखवाड़ा के तहत कार्यशाला और प्रतियोगिताओं का आयोजन

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के रायपुर शाखा कार्यालय में हिन्दी पखवाड़ा 2026 के तहत 22 सितंबर को एक दिवसीय हिन्दी कार्यशाला सह विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मानक ब्यूरो रायपुर शाखा कार्यालय की प्रमुख अनुरीता जोजो ने की।

उन्होंने अपने संबोधन में दैनिक कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक, सहज और प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के वरिष्ठ हिन्दी अनुवाद अधिकारी प्रवीण कुमार सोनी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को सरल, सुगम और व्यावहारिक बनाने से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें स्वरचित हिन्दी कविता पाठ, स्लोगन लेखन, हिन्दी निबंध, श्रुतलेख तथा राजभाषा नियम एवं ज्ञान प्रतियोगिता शामिल रही।

प्रतियोगिताओं में शाखा कार्यालय के करीब 15 अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन निजी सचिव स्मिथ कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की गई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts