नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विभिन्न राज्यों और संगठनात्मक क्षेत्रों के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
छत्तीसगढ़ के लिए कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र रायपुर रहेगा। पार्टी की ओर से जारी सूची में कर्मवीर का नाम 17वें क्रम पर है।
वहीं, शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी देते हुए आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का दायित्व सौंपा गया है। उनका केंद्र मुंबई निर्धारित किया गया है।
महाराष्ट्र में अजय जामवाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) और सतीश धोंड को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है।
सूची में आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के लिए मधुकर को प्रदेश महामंत्री (संगठन), तेलंगाना के लिए दशरथ को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन), जबकि असम और त्रिपुरा के लिए रविंद्र राजू को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा बिहार में भीष्मभाई दलसानिया, झारखंड में पवन साई, हिमाचल प्रदेश में सिद्धार्थन, गुजरात एवं दादरा नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के लिए रत्नाकर, गुजरात में अरुण बिन्द्नाडी, उत्तराखंड में फणीन्द्रनाथ शर्मा तथा दिल्ली-हरियाणा में पवन राणा को संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं।
मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी चंद्रशेखर को, ओडिशा की जिम्मेदारी मानस मोहंती को, पंजाब एवं चंडीगढ़ की जिम्मेदारी मंत्री श्रीनिवासुलु को, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी धर्मपाल को और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी अमिताभ चक्रवर्ती को सौंपी गई है।
पार्टी ने ब्रज क्षेत्र के लिए अभय गिरी और भागलपुर, पूर्णिया एवं कोसी क्षेत्र के लिए अनंत नारायण मिश्र को संगठन की जिम्मेदारी दी है।
भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। विज्ञप्ति पर राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग का उल्लेख है।







