देशहैदराबाद

एनएमडीसी द्वारा सरकारी विद्यालयों के विद्याथियों के लिए हिंदी निबंध लेखन एवं हिंदी वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन

हैदराबाद (विश्व परिवार)। एनएमडीसी लिमिटेड, हैदराबाद में 14 सितंबर 2026 से 13 अक्टूबर 2026 तक मनाए जा रहे ‘राजभाषा माह-2026’ के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यार्थियों के बीच राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं उसके महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 24 सितंबर 2026 को सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध लेखन एवं हिंदी वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में नामपल्ली व्यायामशाला उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमान व्यायामशाला उच्च माध्यमिक विद्यालय, तेलंगाना माइनॉरिटी गुरुकुल आसिफ नगर बालक विद्यालय, इंडो ग्रामर उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा शंकरजी मेमोरियल कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता कक्षा 6वीं से 8वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। इसमें ‘जलवायु परिवर्तन: भावी पीढ़ियों पर प्रभाव’, ‘छात्रों के समग्र विकास में खेलकूद की भूमिका’ एवं ‘समय प्रबंधन: सफलता की कुंजी’ जैसे विषय रखे गए।

वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित हिंदी वाक् प्रतियोगिता में ‘वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में युवा पीढ़ी की भूमिका’ एवं ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता: रोजगार पर प्रभाव’ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में जयशंकर प्रसाद, सहायक निदेशक (सेवानिवृत्त), हिंदी शिक्षण योजना तथा नीलिभा तिवारी, सहायक निदेशक (सेवानिवृत्त), हिंदी शिक्षण योजना उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में चे. श्रीनिवास राव, उप महाप्रबंधक (राजभाषा), एनएमडीसी ने निर्णायकगण, विद्यालय समिति के प्रतिनिधियों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में हिंदी लेखन प्रतिभा को निखारना तथा राजभाषा हिंदी बोलने में होने वाली झिझक को दूर करना है।

डॉ. रजिंदर कौर, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) ने प्रतियोगिताओं के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी। प्रतियोगिताओं के आयोजन में एस.के. सनोडिया, उप प्रबंधक (सचिवालय) की सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर नामपल्ली व्यायामशाला उच्च माध्यमिक विद्यालय के मानद अध्यक्ष बी. दुर्गा प्रसाद, विद्यालय समिति के सदस्य, प्राचार्य एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिताओं के पश्चात एनएमडीसी लिमिटेड, हैदराबाद की ओर से विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री से संबंधित किट भी प्रदान की गई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ दोनों प्रतियोगिताओं का समापन हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts