- होटल सागर इंटरनेशनल में निगम की स्वच्छता टीम ने स्टाफ को स्रोत स्तर पर कचरा प्रबंधन की दी जानकारी
दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम दुर्ग। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा बल्क वेस्ट जनरेटर (Bulk Waste Generator) संस्थानों में ठोस अपशिष्ट के 4-स्ट्रीम पृथक्करण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा होटल सागर इंटरनेशनल, वार्ड क्रमांक 24, दुर्ग में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान होटल के मैनेजर एवं स्टाफ को ठोस अपशिष्ट के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, उचित संग्रहण एवं वैज्ञानिक निपटान के संबंध में विस्तार से जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया।नगर निगम की स्वच्छता टीम ने 4-स्ट्रीम पृथक्करण की आवश्यकता एवं प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए बताया कि कचरे का स्रोत पर ही उचित पृथक्करण किए जाने से उसके पुनर्चक्रण, प्रसंस्करण एवं वैज्ञानिक निपटान में सुविधा होती है।
स्वच्छता टीम ने बताया कि बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों द्वारा कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पृथक्करण एवं प्रबंधन किया जाना स्वच्छ शहर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गीले एवं सूखे कचरे सहित विभिन्न प्रकार के अपशिष्टों को अलग-अलग रखने से कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है।
इस अवसर पर होटल सागर इंटरनेशनल के मैनेजर एवं स्टाफ तथा नगर पालिक निगम दुर्ग की स्वच्छता टीम उपस्थित रही।
उपस्थित सभी लोगों से नियमित रूप से 4-स्ट्रीम कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा अपने आसपास के नागरिकों एवं अन्य संस्थानों को भी कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा स्वच्छ एवं सुंदर दुर्ग के निर्माण के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी एवं संस्थागत स्तर पर विभिन्न जनजागरूकता और प्रशिक्षण गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।







