- महापौर अलका बाघमार की पहल पर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने निगम का विशेष अभियान शुरू, खराब लाइटों की भी होगी मरम्मत
दुर्ग (विश्व परिवार)। दीपावली पर्व पर दुर्ग शहर को रोशनी से जगमग करने के लिए नगर पालिक निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर अलका बाघमार के निर्देश पर निगम के विद्युत विभाग की टीम ने शहर के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने और नए लाइट लगाने का विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सड़कों, चौक-चौराहों एवं विभिन्न मोहल्लों में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को अंधेरे और खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या का सामना न करना पड़े।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि दीपावली से पहले शहर के हर वार्ड में बेहतर रोशनी उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एमआईसी की पिछली बैठक में ही सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया था, जिसके अनुरूप निगम की विद्युत टीम लगातार कार्य कर रही है।
महापौर ने बताया कि शहर की स्ट्रीट लाइटों के नियमित रखरखाव एवं मरम्मत के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है। इसके माध्यम से खराब लाइटों की समय पर मरम्मत और विद्युत व्यवस्था के रखरखाव पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों के लिए 600 नई लाइटें मंगाई गई हैं, जिन्हें सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार समान रूप से वितरित कर लगाया जाएगा।उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर रोशनी के लिए ट्यूबलर पोल एवं हाईमास्ट लाइट लगाने की भी योजना है। लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि खराब लाइटों के कारण अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों में दोबारा रोशनी की व्यवस्था की जा सके।निगम के विद्युत विभाग की टीमों को वार्डवार जिम्मेदारी सौंपकर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। जिन क्षेत्रों में लाइटों की आवश्यकता है,वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है।दीपावली के अवसर पर शहर की सड़कें और गलियां रोशनी से जगमग रहें तथा नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।







