खरोरा (विश्व परिवार)। एकीकृत बाल विकास परियोजना तिल्दा, जिला रायपुर के अंतर्गत खरोरा वार्ड क्रमांक 10 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल मुख्य रूप से सम्मिलित हुए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया गया तथा बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर हल्के-फुल्के संवाद के माध्यम से अभिभावकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के पालकों को बच्चों के उचित भरण-पोषण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य और प्रारंभिक देखभाल के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें खेल किट भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और संस्कारवान बचपन ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में परिवारों के साथ निरंतर संपर्क में रहकर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि *बच्चों को केवल पौष्टिक भोजन ही नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण, खेल, संस्कार और उचित देखभाल भी मिलना जरूरी है।* इसके लिए अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। उपस्थित बच्चों और उनके पालकों के साथ सहज एवं आत्मीय वातावरण में पोषण और बच्चों की दैनिक देखभाल से जुड़े विषयों पर संवाद भी किया गया।
कार्यक्रम में *जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मि वर्मा, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष रानी साहू, पार्षद लीला देवांगन, किरण साहू* सहित बड़ी संख्या में बच्चों के पालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।







