छत्तीसगढ़रायपुर

अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियां तेज, 11 अक्टूबर को होगा मुख्य समारोह

रायपुर (विश्व परिवार)। अग्रवाल समाज के आराध्य एवं संस्थापक महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में इस वर्ष भव्य अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित होगी। अग्रवाल सभा, रायपुर के मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आयोजन 11 अक्टूबर को होगा।

मुख्य समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और एडीआर ग्रुप दिल्ली के चेयरमैन सुशील अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल और महामंत्री मनमोहन अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारियों ने अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।

19 मोहल्ला समितियों में प्रतियोगिताएं

जयंती महोत्सव से पहले रायपुर की 19 मोहल्ला समितियों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के विजेता मुख्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक परिवारों और युवाओं को महोत्सव से जोड़ना है।

4 अक्टूबर को सर्वसमाज के लिए AGRATHON

4 अक्टूबर को “Vande Mataram, Run For Nation” थीम पर AGRATHON का आयोजन किया जाएगा। दौड़ मरीन ड्राइव से सुबह 6 बजे शुरू होगी। इसी दिन श्री सालासर धाम, छेड़ीखेड़ी में डॉक्टर कमलेश अग्रवाल के नेतृत्व में सर्वसमाज के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 60 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

7 अक्टूबर को अग्रसेन धाम में उद्घाटन

7 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में महोत्सव का भव्य उद्घाटन होगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल और रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर विभिन्न मोहल्ला समितियों का सम्मान किया जाएगा। 8 और 9 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा 9 अक्टूबर को महिला सम्मेलन आयोजित होगा।

10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस और कार्निवल

10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान अग्रबंधुओं द्वारा विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। इसी दिन विशाल कार्निवल आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न आकर्षणों के साथ अग्र बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी।

11 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा

11 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे श्री अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6:30 बजे श्री अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह होगा। इसमें समाज के प्रतिभावान बच्चों का सम्मान और पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इसके बाद कवि सम्मेलन और लाफ्टर शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

महोत्सव को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। जयंती प्रभारी राजेश हेलीवाल, शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल सहित अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अग्रवाल सभा ने समाज के सभी वर्गों से महोत्सव के विभिन्न आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts