रायपुर

रायपुर में पहली बार यूथ आई-लीग का रोमांच, RKM FA नारायणपुर ने ब्रह्मविद FA को 2-1 से हराया..

  • 92वें मिनट में सुच्चंद दुग्गा के निर्णायक गोल ने बदला मुकाबले का रुख, बस्तर की RKM FA ने राजधानी में दर्ज की शानदार जीत..

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर में पहली बार आयोजित AIFF एलीट लीग (यूथ आई-लीग) अंडर-18 के ग्रुप-G मुकाबले में RKM फुटबॉल अकादमी, नारायणपुर ने रोमांचक मुकाबले में ब्रह्मविद फुटबॉल अकादमी, रायपुर को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच आखिरी मिनट तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ के 45वें मिनट में ब्रह्मविद FA के साईं संकित ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। गोल के बाद मुकाबला और भी रोमांचक हो गया।

हालांकि, दूसरे हाफ में RKM फुटबॉल अकादमी ने जोरदार वापसी की। 53वें मिनट में RKM के अखिल धुरवा ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए। खिलाड़ियों की मेहनत, तेज पासिंग और आक्रामक खेल ने मुकाबले को कांटे की टक्कर में बदल दिया।

जब मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, तभी 92वें मिनट में RKM नारायणपुर के सुच्चंद दुग्गा ने निर्णायक गोल दाग दिया। इस गोल के साथ RKM FA ने 2-1 की बढ़त हासिल की और इसी स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ AIFF इलाइट यूथ आई-लीग (अंडर-18) के ग्रुप-G से RKM फुटबाल अकादमी ने आगामी मैचों के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

यह मुकाबला छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते फुटबॉल के स्तर की भी शानदार तस्वीर पेश करता है। एक ओर ब्रह्मविद FA रायपुर के साथ-साथ भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़ और प्रदेश के अन्य शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच दे रही है, वहीं RKM FA नारायणपुर बस्तर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व कर रही है।

राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर के दूरस्थ इलाकों तक के युवा खिलाड़ियों का एक ही मैदान पर आमना-सामना होना छत्तीसगढ़ फुटबॉल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यूथ आई-लीग जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंच से प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और देशभर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल रहा है।

रायपुर में पहली बार आयोजित इस यूथ आई-लीग मुकाबले ने यह स्पष्ट कर दिया कि छत्तीसगढ़ में फुटबॉल का भविष्य बेहद मजबूत है और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ बस्तर जैसे क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts