रायपुर (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ इंडिया, रायपुर अंचल में हिन्दी माह- 2026 को उत्साहपूर्वक मनाया गया। हिन्दी माह के दौरान पूरे अंचल की विभिन्न शाखाओं व आंचलिक कार्यालय के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता , बैंकिंग शब्दावली प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता , हिंदी ई-मेल प्रतियोगिता इत्यादि का आयोजन हुआ। हिन्दी माह के दौरान आयोजित इन सभी प्रतियोगिताओं में बैंक ऑफ इंडिया के अनेक स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अंचल के आंचलिक प्रबंधक विनय नागराज उपकारी एवं बैंक ऑफ़ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक सोनू कुमार भी उपस्थित थे । आंचलिक प्रबंधक ने हिन्दी की महत्ता व आर्थिक क्षेत्र में हिन्दी का बढ़ता प्रभाव जैसे विषयों से सभी को अवगत कराया। वहीं, सहायक महाप्रबंधक ने भारत सरकार के राजभाषा संबंधी लक्ष्यों से सभी को अवगत कराया । कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी करन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी विजेताओं को आंचलिक प्रबंधक ने प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर शुभकामनाएं दीं। इस विशेष अवसर पर आंचलिक प्रबंधक के नेतृत्व में सभी कर्मचारियों ने राजभाषा संकल्प लिया और कार्यस्थल पर हिन्दी के अधिकतम प्रयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।







