रायपुर

सुहिणी सोच संस्था का विस्तार अब जगदलपुर, तिल्दा, राजिम एवं धमतरी के बाद बेमेतरा में भी

  • सुहिणी सोच बेमेतरा का शपथ ग्रहण समारोह एवं झूलण जी मौज उत्साहपूर्वक संपन्न।

रायपुर (विश्व परिवार) महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्यरत सुहिणी सोच संस्था का विस्तार अब जगदलपुर, तिल्दा, राजिम एवं धमतरी के बाद बेमेतरा में भी हुआ। संस्था की बेमेतरा इकाई का विधिवत गठन 5 अक्टूबर को शपथ ग्रहण समारोह के साथ किया गया। इस अवसर पर रायपुर की आरती मयानी को बेमेतरा इकाई की प्रभारी तथा बबीता रोहरा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत झूलेलाल जी की आरती के साथ हुई। इसके पश्चात झूलेलाल चालिये का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं एवं बच्चों द्वारा नृत्य तथा छेज की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों को झूलेलाल जी के स्वरूप में सजाया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सिंधी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े इस आयोजन ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
इसके पश्चात बबीता रोहरा ने अध्यक्ष पद की तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों की शपथ ग्रहण की। बबीता रोहरा समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा राजनीति से भी जुड़ी हुई हैं।
समारोह में शहर के अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुहिणी सोच की संस्थापक मनीषा तारवानी ने कहा कि सुहिणी सोच महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य कर रही है और संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को एक मंच से जोड़ना है।
अध्यक्ष पल्लवी चिमनानी ने कहा कि, “हमारा लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करना है।” उन्होंने कहा कि बेमेतरा में नई इकाई के गठन से संस्था के सामाजिक कार्यों को और विस्तार मिलेगा।
कार्यक्रम में रायपुर से संस्थापक मनीषा तारवानी, अध्यक्ष पल्लवी चिमनानी, उपाध्यक्ष माही बुलानी, विद्या गंगवानी, रेनु कृष्णानी, आरती मयानी एवं सोनिया इसरानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के पश्चात सभी उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts