छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन, खराब वॉशरूम, पंखे-लाइट और लाइब्रेरी की अव्यवस्था पर जताई नाराजगी; 15 दिन में समाधान नहीं तो NSUI देगी धरना

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर के शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने गुरुवार को अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान NSUI के साथ मिलकर छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सैनेटरी पैड मशीन, आईडी कार्ड, खराब पंखे-लाइट की मरम्मत, वाटर कूलर, भवन रेनोवेशन, NCC भवन और खेल मैदान समेत कई मांगें उठाईं।
छात्राओं ने कहा कि, कॉलेज में कई जरूरी सुविधाएं लंबे समय से ठीक नहीं हैं। वॉशरूम की सफाई और पानी की व्यवस्था भी खराब है। लाइब्रेरी में सीटों की संख्या बेहद कम है। इससे छात्राओं को पढ़ाई के लिए जगह नहीं मिलती।
4 हजार छात्राएं, लाइब्रेरी में कम सीट
B.Sc फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा खुशबू नायक ने बताया कि, कॉलेज के वॉशरूम साफ नहीं हैं। वहां पानी भी ठीक से नहीं आता। उनका कहना है कि 6-7 घंटे कॉलेज में रहने के दौरान वॉशरूम की खराब व्यवस्था के कारण काफी परेशानी होती है। छात्राओं के लिए लगी पैड मशीन भी इस्तेमाल करने की स्थिति में नहीं है।
B.Sc फर्स्ट की छात्रा निधि साहू ने बताया कि, कॉलेज में करीब 4 हजार स्टूडेंट्स हैं, जबकि लाइब्रेरी में कम सीटे हैं। पढ़ने के लिए छात्राओं को पर्याप्त जगह नहीं मिलती। उन्होंने लाइब्रेरी में नई और अपडेटेड किताबें उपलब्ध कराने की भी मांग की।
पंखे धीमे, लाइट खराब और वॉटर कूलर गंदा
छात्राओं ने बताया कि, कई जगह पंखे और लाइट ठीक से काम नहीं करते। गर्मी के बीच पंखों के धीमे चलने से क्लास में बैठकर पढ़ना मुश्किल होता है। वॉटर कूलर की सफाई को लेकर भी छात्राओं ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि गंदा पानी पीने से स्वास्थ्य खराब होने का डर रहता है।
NSUI ने कहा- 15 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर प्रदर्शन
NSUI जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि, गर्ल्स कॉलेजों में छात्राओं की समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। करीब 4 हजार छात्राओं वाले कॉलेज में सिर्फ दो वॉशरूम हैं। इनमें एक में दरवाजा नहीं है, जबकि दूसरे में पानी की समस्या है। पैड मशीन भी पिछले 6-7 महीने से खराब पड़ी है।
उन्होंने कहा कि क्लासरूम में पंखे और लाइट तक ठीक नहीं हैं। राजधानी के सरकारी कॉलेज में ऐसी स्थिति है तो प्रदेश के दूसरे कॉलेजों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
NSUI कॉलेज बचाओ अभियान की करेगी शरुआत
रायपुर जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने स्कूल बचाओ अभियान की शुरुआत की है। उसी तर्ज पर NSUI भी जल्द ‘कॉलेज बचाओ अभियान’ शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि अगर 15 दिन के भीतर छात्राओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो NSUI बिना किसी पूर्व सूचना के कॉलेज पहुंचेगा और प्रिंसिपल कार्यालय के सामने धरना देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts