रायपुर (विश्व परिवार)। आंजनेय यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने वाले ‘सृजन 5.0’ का आज उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन विश्वविद्यालय परिसर में 37 विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर *कुलपति डॉ. टी. रामाराव* ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि सृजन विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा को पहचानने और उसे मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा *डायरेक्टर डॉ. जयेंद्र नारंग* ने प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि ‘सृजन 5.0’ युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का महाकुंभ है, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रतियोगिता के साथ विद्यार्थियों में सहयोग, रचनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है जिसमे 250 स्कूलों के करीब 7,000 प्रतिभागी 55 अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। रायपुर के साथ बिलासपुर, धमतरी, राजिम, आरंग और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यामिनी ताम्रकार, जीएम (Purchase & Materials Management), SAIL, भिलाई स्टील प्लांट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में चुनौतियों का सामना करने, अनुशासन बनाए रखने और टीम के साथ मिलकर लक्ष्य प्राप्त करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरना। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और ऐसे आयोजन उन्हें अपनी क्षमता पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा नेतृत्व के गुण सीखने का अवसर देते हैं। उन्होंने सृजन 5.0 के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में *कुलसचिव डॉ. रुपाली चौधरी* ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सृजन 5.0 को सफल बनाने में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का संचालन पत्रकारिता विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ राहुल तिवारी और साक्षी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर डायरेक्टर अकादमिक , डीन , समस्त प्राध्यापक गण एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
पहले दिन खेल और प्रतिभा का उत्साह
सृजन 5.0 के पहले दिन आयोजित 37 विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए पूरी क्षमता के साथ प्रयास किया। वहीं आयोजन स्थल पर विद्यार्थियों और दर्शकों का उत्साह पूरे दिन बना रहा। सृजन 5.0 में खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व और खेल भावना का अनुभव प्राप्त हुआ। आयोजन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने इसे अपनी प्रतिभा को मंच देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया।
तीन लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ स्कूल और प्रतिभागियों को मिलेंगे सम्मान
सृजन 5.0 में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। आयोजन के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल तीन लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को ‘बेस्ट स्कूल’ तथा ‘ओवरऑल परफॉर्मेंस’ के सम्मान से नवाजा जाएगा। इन पुरस्कारों का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन की भावना को बढ़ावा देना है। विश्वविद्यालय की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।







