देशनई दिल्ली

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन पर रोक, जंतर-मंतर पर धरने की अनुमति नहीं; 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने की तैयारी, ट्रेनें भी रद्द

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) को रद्द करने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट करने का ऐलान किया है। वहीं दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरना प्रदर्शन की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सीजीपी के पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए प्रोटेस्ट की अनुमति नहीं दी गई है। इसी के साथ ही पूरे दिल्ली में ‘धारा 163’ कर दिया गया है।
साथ ही दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को सख्त वॉर्निंग देते हुए कहा कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में इस ‘गैर-कानूनी’ प्रोटेस्ट में शामिल न हों, अपना और अपने परिचितों का ख्याल रखें।
दिल्ली पुलिस की ज्वॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमें कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास से एक आवेदन प्राप्त हुआ है। यह आवेदन 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर एक विरोध प्रदर्शन के लिए सूचना के संबंध में है। यह प्रदर्शन सीईसी ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही के बारे में था। इस सूचना पर विचार किया गया, और पाया गया कि सूचना बहुत कम समय में दी गई थी। जबकि निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार, नियोजित प्रदर्शन से 10 दिन पहले सूचना प्राप्त होनी चाहिए।
नई दिल्ली क्षेत्र में धारा 163 लागूः ज्वॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद
ज्वॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने आगे कहा कि CJP के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई है। यह जिक्र करना महत्वपूर्ण है कि नई दिल्ली क्षेत्र में, बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) की धारा 163 लागू है। जिसके तहत, सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए, एक उचित निवारक प्रतिबंध लागू है। यह आगे महत्वपूर्ण है कि यदि कोई भी बीएनएसएस की धारा 163 के प्रावधानों का उल्लंघन करता है, तो उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीजेपी का पूर्ववर्ती ट्रैक रिकॉर्ड खराबः दिल्ली पुलिस
ज्वॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने यह भी कहा कि पहले के अवसर पर जब कॉकरोच जनता पार्टी को वहां प्रदर्शन आयोजित करने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने कानूनी निर्देशों का पालन नहीं किया और उस समय दिए गए अपने ही आश्वासनों का पालन नहीं किया। लिहाजा उनके पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए भरोसा करना मुश्किल है कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्वक होगा।
CJP का ऐलान, होकर रहेगा प्रदर्शन
इधर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, को-कन्वीनर आशुतोष रांका और सौरव दास ने यह ऐलान किया है कि 10 अक्टूबर को ज्ञानेश खिलाफ के खिलाफ प्रदर्शन होकर रहेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त को खुद पर लगे गंभीर आरोपों की जवाबदेही देनी होगी। अगर पुलिस या जवान प्रदर्शनकारियों को रोकेंगे, तो वो जहां भी रोकेंगे वहां एक जंतर-मंतर बन जाएगा। अभिजीत दीपके ने सरकार को चेतवानी देने के लहजे में यह भी कहा था कि सत्ता आपकी हो सकती है, लेकिन सड़कें आज भी हमारी हैं। इस देश की जनता की हैं। देश के नागरिकों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से कोई नहीं रोक सकता।
दिल्ली में कल क्या-क्या बंद रहेगा?
दिल्ली मेट्रो: 57 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंदः दिल्ली पुलिस ने DMRC से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने को कहा है। प्रतिबंध शुक्रवार रात 9 बजे से लागू किए जाने हैं और शनिवार को स्थिति सामान्य होने तक जारी रह सकते हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेन की फ्रीक्वेंसी भी घटाई जा सकती है।
दिल्ली आने वाली सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्दः दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन और इसके चलते सड़कों पर भारी जाम लगने की आशंका के बीच भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंदः दिल्ली में सभी खुदरा शराब की दुकानों को 9 और 10 अक्टूबर को बंद रखने का आदेश दिया गया है। आबकारी विभाग ने यह फैसला सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर लिया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts