दिल्ली (विश्व परिवार)। CJI सूर्यकांत ने गुरुवार को राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च पर कहा कि कोई भी सुप्रीम कोर्ट को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं कर सकता। उन्होंने ऐसी कोशिशों को बेकार बताते हुए कहा कि इन पर कोई ध्यान नहीं देता।
CJI ने कहा, “हमें पता है कि कोर्ट के बाहर क्या कहा जा रहा है और कोर्ट के अंदर क्या कहा जा रहा है। हम किसी काल्पनिक दुनिया में नहीं जी रहे हैं। हमें हर बात की जानकारी है।”
सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शन और विरोध मार्च से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान CJI की यह टिप्पणी सामने आई। सुनवाई के दौरान राहुल गांधी और 13 अन्य लोगों की याचिका का भी मामला उठा। इस याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग (ECI) को नोटिस जारी किया गया है। कोर्ट ने संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।
विपक्ष की तरफ से यह याचिका चीफ जस्टिस सूर्यकांत के मिलने से इनकार के बाद दाखिल की गई थी। 11 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत को पत्र लिखा था और ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। सीजेआई ने मना कर दिया था।
फिर राहुल, प्रियंका, खड़गे के साथ अन्य विपक्षी सांसद 12 अक्टूबर की शाम अचानक सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंच गए। उससे पहले सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था।







