देश

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की साजिश नाकाम, 15 घंटे में कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए तीन संदिग्ध; एक नाबालिग

मुंबई/कोटा (विश्व परिवार)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम जानकारियां साझा कीं। मुंबई पुलिस के डीसीपी के मुताबिक, जिस तरह से गोलियां चलाई गईं, उससे स्पष्ट है कि आरोपी हत्या के इरादे से आए थे। घटना के करीब 15 घंटे के भीतर राजस्थान की कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जयपुर और दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की। कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, तीनों संदिग्ध पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ।

10 दिनों से टाइगर पर रख रहे थे नजर

मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी करीब 10 दिनों से टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने उनके घर और जिम की रेकी भी की थी। फायरिंग से पहले आरोपियों ने करीब 45 मिनट तक इलाके की जानकारी जुटाई थी। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर पापराजी के वीडियो और ब्लॉगर्स के कंटेंट के जरिए भी टाइगर की लोकेशन और दिनचर्या का पता लगाने की कोशिश की गई थी।

रविवार देर रात हुई फायरिंग के बाद आरोपी एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे। उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जांच के दौरान बाइक बरामद कर ली थी।

तीन संदिग्ध हिरासत में, एक नाबालिग

राजस्थान पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीन संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल हैं। तीसरे संदिग्ध के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग की साजिश किसने रची और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित पर आरोप

राजस्थान पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि हरियाणा के रेहान का संपर्क अमेरिका में रह रहे अनिल पंडित से था। अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप के जरिए अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पोस्ट में अनिल पंडित ने अभिनेता सलमान खान को भी धमकी दी और उनसे लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांगने को कहा। हालांकि, पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच कर रही है।

टाइगर और ड्राइवर को आई चोट

फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। वहीं, फायरिंग के दौरान उनके ड्राइवर को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर हमले की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts