नई दिल्ली (विश्व परिवार)। वैश्विक इंटरबैंक वित्तीय दूरसंचार सोसाइटी (स्विफ्ट) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेवियर पेरेज-तासो ने सोमवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान वैश्विक व्यापार को सुगम और प्रभावी बनाने के साथ-साथ भू-राजनीतिक चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।
वैश्विक व्यापार और भू-राजनीतिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा कर इस मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में स्विफ्ट के सीईओ जेवियर पेरेज-तासो से मिलकर खुशी हुई। दोनों के बीच वैश्विक व्यापार को सुगम और कुशल बनाने के महत्व पर चर्चा हुई। इसके साथ ही, इस दिशा में सामने आने वाली भू-राजनीतिक चुनौतियों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
2019 से स्विफ्ट के सीईओ हैं जेवियर पेरेज-तासो
जेवियर पेरेज-तासो जुलाई 2019 से स्विफ्ट के सीईओ के रूप में कार्यरत हैं। वह वर्ष 1995 में इस संगठन से जुड़े थे और तब से विभिन्न तकनीकी तथा नेतृत्व संबंधी भूमिकाएं निभा चुके हैं। सीईओ बनने से पहले, सितंबर 2015 से वह अमेरिका और ब्रिटेन क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले उन्होंने संगठन में मुख्य विपणन अधिकारी (सीएमओ) की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दौरान उन्होंने ‘स्विफ्ट 2020’ रणनीति का नेतृत्व किया था।
सीमा पार भुगतान को बेहतर बनाने पर जोर
स्विफ्ट के कामकाज में सीमा पार भुगतानों को तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल महत्वपूर्ण है। इस दिशा में ब्लॉकचेन तकनीक, केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्राओं (सीबीडीसी) और डिजिटल परिसंपत्तियों के एकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन तकनीकों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेनदेन को अधिक प्रभावी बनाना और भुगतान प्रणाली की दक्षता में सुधार करना है।
वैश्विक वित्तीय संदेश प्रणाली है स्विफ्ट
स्विफ्ट का पूरा नाम सोसाइटी फॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन है। यह एक वैश्विक वित्तीय संदेश प्रणाली है, जिसका इस्तेमाल दुनिया भर के बैंक और वित्तीय संस्थान अंतरराष्ट्रीय भुगतान से संबंधित संदेशों का सुरक्षित आदान-प्रदान करने के लिए करते हैं। यह प्रणाली वित्तीय संस्थानों के बीच भुगतान संबंधी निर्देशों और सूचनाओं के संचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हालांकि, स्विफ्ट स्वयं धन का हस्तांतरण नहीं करती, बल्कि इससे जुड़े वित्तीय संदेशों के आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान करती है।
भारत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है स्विफ्ट नेटवर्क
भारत में स्विफ्ट का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय भुगतान और व्यापार से जुड़े वित्तीय संदेशों के आदान-प्रदान के लिए व्यापक रूप से किया जाता है। भारत में इसके संचालन और वित्तीय संस्थानों के साथ सहयोग का उद्देश्य वैश्विक वित्तीय नेटवर्क से जुड़ाव को मजबूत करना है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारत सरकार और स्विफ्ट के नेतृत्व के बीच गुजरात की गिफ्ट सिटी में अपनी रणनीतिक उपस्थिति बढ़ाने और वित्तीय लेनदेन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई है। भारत और दक्षिण एशिया क्षेत्र में स्विफ्ट की प्रमुख प्रतिनिधि किरण शेट्टी हैं।







