छत्तीसगढ़बालोद

बालोद में 6 लाख की नशीली गोलियों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, भुवनेश्वर से लाकर बेचने की फिराक में थे

बालोद (विश्व परिवार)। पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से Nitrosun-10 की 1,500 टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को बालोद थाने में पदस्थ निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ लोग बाइक और स्कूटी में नशीली दवाइयां लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
1,500 नशीली टैबलेट बरामद
पुलिस ने आरोपियों की पहचान नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली के रूप में की है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की 1,500 टैबलेट मिलीं। इनकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान नगदी रकम, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से ला रहे थे।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में बालोद थाने में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 की धारा 22 (ग) के तहत अपराध पंजीबध्द कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस जब्त सामाग्री और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts