मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बैंक ने मुंबई स्थित अपने कॉर्पोरेट कार्यालय से वॉकथॉन का आयोजन किया। इसमें बैंक के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यपालक निदेशक लाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित वॉकथॉन के माध्यम से नैतिक आचरण और सत्यनिष्ठा के महत्व का संदेश दिया गया। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन में कर्मचारियों को सतर्कता, नैतिकता और सुशासन के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ सप्ताह का शुभारंभ
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ 26 अक्टूबर को हुआ। इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद, कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी, संजय विनायक मुदालियर, लाल सिंह और बीना वाहिद तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी तजविंदर कौर ने बैंक के कर्मचारियों के साथ हिंदी और अंग्रेजी में सत्यनिष्ठा की शपथ ली।
इसके बाद भारत की राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के संदेशों का वाचन किया गया।
भरोसे और विश्वसनीयता की आधारशिला है सतर्कता
बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि सतर्कता केवल अनुपालन की आवश्यकता नहीं, बल्कि भरोसे और विश्वसनीयता की आधारशिला है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह नैतिक आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने, सुशासन को मजबूत करने और प्रत्येक निर्णय एवं कार्रवाई में ईमानदारी को शामिल करने की जिम्मेदारी की पुष्टि करता है।
उन्होंने कहा कि बैंक ऐसी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां ईमानदारी साझा जिम्मेदारी हो और आमजन का विश्वास संस्थान की प्राथमिकता बने।
सप्ताहभर होंगी विभिन्न गतिविधियां
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान बैंक के सतर्कता न्यूजलेटर का प्रकाशन, कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए एनिमेटेड वीडियो और कॉर्पोरेट कार्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इन गतिविधियों में भाषण, निबंध लेखन, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक, क्विज और रंगोली प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इनका उद्देश्य कर्मचारियों को सतर्कता, नैतिकता और सुशासन के प्रति जागरूक करना तथा संस्थान में पारदर्शिता और ईमानदारी के मूल्यों को मजबूत करना है।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से नैतिक आचरण और पारदर्शिता को बढ़ावा देने तथा जनविश्वास को सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।







