छत्तीसगढ़रायपुर

व्यापारियों की समस्याओं को लेकर कैट प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त से की मुलाकात, पार्किंग से लेकर जलभराव तक के मुद्दे उठाए

रायपुर (विश्व परिवार)। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में व्यापारियों को हो रही समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से मुलाकात की। कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल रहे। इस दौरान व्यापारियों ने पार्किंग, यातायात, जलभराव, साफ-सफाई और दुकानों के संचालन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना और आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से उनका व्यावहारिक समाधान निकालना है। उन्होंने कहा कि शहर का व्यापारिक वातावरण सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन एवं व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

रविभवन की मल्टीलेवल पार्किंग का मुद्दा उठा

बैठक में रविभवन व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने जयस्तंभ चौक के समीप स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के शुल्क में दोगुने से अधिक वृद्धि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पार्किंग शुल्क बढ़ने से व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। इसके अलावा पार्किंग परिसर में सीसीटीवी कैमरों और लिफ्ट के खराब होने से उत्पन्न असुविधाओं की ओर भी आयुक्त का ध्यान आकर्षित कराया।

एमजी रोड पर चैपाटी और अव्यवस्थित पार्किंग से परेशानी

महात्मा गांधी व्यापारी विकास संघ (एमजी रोड) के पदाधिकारियों ने खुली दुकानों के सामने चैपाटी संचालित होने और बेतरतीब पार्किंग के कारण व्यापारिक गतिविधियों में आ रही बाधाओं की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में व्यवस्थित यातायात और पार्किंग व्यवस्था बनाने के साथ दुकानों तक ग्राहकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की मांग की।

ISBT भाठागांव के व्यापारियों ने रखी समस्याएं

इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) भाठागांव व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने विस्थापन के दौरान आवंटित दुकानों के संचालन में आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारियों द्वारा व्यापारियों को बार-बार परेशान किया जा रहा है। व्यापारियों ने अनावश्यक असुविधाओं से राहत दिलाने और नियमानुसार स्पष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

लालपुर में जलभराव और सड़क सुरक्षा का मुद्दा

लालपुर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था में सुधार, नियमित साफ-सफाई और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

आयुक्त ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक के बाद कैट प्रतिनिधियों ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता है। सकारात्मक संवाद, पारस्परिक सहयोग और समयबद्ध कार्रवाई से न केवल व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि शहर की व्यवस्थाएं भी बेहतर बनेंगी। कैट ने आयुक्त संबित मिश्रा के सहयोगात्मक रुख के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उठाए गए मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में कैट छत्तीसगढ़ के चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिन्दर सिंह एवं जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज सहित जय नानवानी, कैलाश खेमानी, संजय जादवानी, मोहम्मद सोहेल सेठी, हिमांशु वर्मा, विक्रम केवलानी, आनंद क्षत्री, ठाकुर दास लुल्ला, नदीम और विकास सिपानी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts