पंडरिया 

विधायक भावना बोहरा ने दामापुर में किया उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय का शुभारंभ, ₹46.96 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का भी किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

पंडरिया (विश्व परिवार) । पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास और आमजन को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दामापुर में उप तहसील कार्यालय (लिंक कोर्ट) का शुभारंभ किया। इस कार्यालय के प्रारंभ होने से दामापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें अपने नजदीक ही राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे समय, धन और श्रम की बचत होगी। इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने 46 लाख 96 हजार की कुल लागत से हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन, रंगमंच, सामुदायिक भवन का लोकार्पण एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण तथा सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। अब ग्रामीणों को नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, भूमि संबंधी अभिलेखों एवं राजस्व प्रकरणों से जुड़े कार्यों के लिए अधिक दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही राजस्व प्रकरणों की सुनवाई, प्रशासनिक कार्यों के निराकरण और शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रक्रियाओं में भी लोगों को सुविधा प्राप्त होगी। स्थानीय स्तर पर कार्यालय उपलब्ध होने से प्रशासन और आमजन के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में भी सहूलियत मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं का विस्तार करना हमारी प्राथमिकता है। दामापुर में उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ केवल एक प्रशासनिक कार्यालय की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए दूर जाना नहीं पड़ेगा। उनका समय और श्रम की बचत होगी तथा उन्हें अपने क्षेत्र में ही प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सरलता और सहजता से पहुँचे। इसी सोच के साथ पंडरिया विधानसभा के शहरी, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रशासनिक सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की डबल इंजन भाजपा सरकार सुशासन, जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी की सरकार में गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं को केंद्र में रखकर योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार की मंशा है कि विकास और सुविधाओं का लाभ केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि सुदूर ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे।

भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया का कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार करना और उनके जीवन को अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाना ही हमारा उद्देश्य है। आज लगभग 46 लाख से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अध्ययन के लिए अतिरिक्त कक्ष की सुविधा मिलेगी। वहीं आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन से आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। ग्राम में रंगमंच एवं सामुदायिक भवन के लोकार्पण से सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण से परिसर की सुरक्षा एवं व्यवस्था बेहतर होगी तथा सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts