रायपुर (विश्व परिवार)। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर 12 नवंबर तक CBI की कस्टोडियल रिमांड पर रहेगा। अगले 8 दिनों तक एजेंसी के अधिकारी उससे पूछताछ करेंगे। बुधवार को सौरभ को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था।
इस दौरान उससे मुलाकात करने महासमुंद के पूर्व कांग्रेस विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर और महादेव सट्टा ऐप का पैनल ऑपरेटर विशाल रमानी भी पहुंचा था।
उधर, CBI ने रिमांड आवेदन में बताया कि महादेव ऐप का कारोबार चलाने के लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों को प्रोटेक्शन मनी दी जाती थी। एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए सौरभ से पूछताछ करना चाहती है। सुरक्षा का हवाला देकर उसे दिल्ली ले जाया गया है।
वहीं, ED ने अपने गैर-जमानती वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था। हालांकि, कोर्ट ने इस आवेदन को प्री-मैच्योर बताया।







