छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में बूथ स्तर तक 10-10 कार्यकर्ता जोड़कर संगठन मजबूत करेगा किसान मोर्चा, किसानों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाएंगे ‘किसान मितान’

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने किसान मोर्चा की प्रदेश इकाई द्वारा ‘किसान मितान’ योजना के नवीन प्रयोग को संगठन के विस्तार की दृष्टि से सराहनीय प्रयोग बताते हुए कहा है कि मोर्चा प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) तक 10-10 कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को मजबूत कर रहा है। श्री गुर्जर ने कहा कि यह ‘मितान’ (मित्र/दोस्त) ज़मीनी स्तर पर काम करेंगे। किसानों की वास्तविक समस्याओं व धरातल की हकीकत को सरकार तक पहुँचाने की जिम्मेदारी इन मितानों की होगी, जिससे सरकार त्वरित मदद कर सके।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गुर्जर ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार के नए प्रयोग, केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और किसानों के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी। श्री गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में लगभग 82 प्रतिशत छोटे किसान हैं जो बेहद मेहनती हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का जो वादा किया था, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश का भाजपा सरकार उसे पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतार रही है। राज्य में 3100 से अधिक धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की एक यूनिक आईडी बनाई गई है, जिससे उन्हें बार-बार पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। डिजिटल सर्वे और बोए गए रकबे के आधार पर पारदर्शी तरीके से धान खरीदी जारी है। श्री गुर्जर ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को आदान सहायता के रूप में तीन वर्षों में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये देने का कार्य किया है, जिससे प्रदेश के किसान सशक्त हुए हैं।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गुर्जर ने बताया कि धान की फसल छोड़कर दलहन या अन्य वैकल्पिक फसलों को अपनाने और उत्पादन करने वाले किसानों को राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए श्री गुर्जर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। केंद्र सरकार की योजनाओं और जीडीपी में किसानों की हिस्सेदारी की चर्चा करते हुए श्री गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय दुगुनी करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। पहले जीडीपी में कृषि की हिस्सेदारी लगभग 13.75 प्रतिशत से 14 प्रतिशत के आसपास हुआ करती थी, जो अब केंद्र सरकार के प्रयासों के चलते बढ़कर 17 प्रतिशत से 18 प्रतिशत के स्तर तक पहुँच रही है। प्राकृतिक आपदाओं और जोखिमों से किसानों को सुरक्षा देने के लिए ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ और बेहतर रिस्क मैनेजमेंट मॉडल को छत्तीसगढ़ में प्रभावी रूप से लागू किया गया है। संकट की हर घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही हैं।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटा किसान मोर्चा : आलोक सिंह ठाकुर
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में कृषि ऋण पर 16 प्रतिशत ब्याज दर को चरणबद्ध तरीके से घटाकर शून्य प्रतिशत किया गया था। इसी प्रकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय दुगुनी करने और उन्हें सीधा लाभ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्री ठाकुर ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में हर निर्णय में किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। श्री ठाकुर ने बताया कि सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को गाँव, खलिहान और प्रत्येक किसान तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘किसान मितान’ का गठन किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत किसानों की नीतिगत समस्याओं को संगठन के माध्यम से सत्ता और सम्बन्धित उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा ताकि उनका समय पर समाधान हो सके। भाजपा किसान मोर्चा मंडलों के गठन के बाद अब मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) स्तर तक अपने संगठन का विस्तार कर रहा है।
पत्रकार वार्ता में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू, किसान मोर्चा के छत्तीसगढ़ प्रभारी व राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, पूर्व विधायक व किसान मोर्चा ओड़िशा प्रभारी पिंकी शिवराज शाह तथा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रभारी पूनम चंद्राकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts