रायपुर

अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन, रायपुर जिला इकाई की अनूठी पहल – जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाएंगे दीपावली का पर्व

  • “समाज एक, मुस्कान अनेक” – सेवा और सहयोग के संकल्प के साथ आगे आया युवा अग्रवाल सम्मेलन

रायपुर (विश्व परिवार)। दीपावली का पर्व खुशियों, उमंग, प्रेम और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने घरों को रोशन करने के साथ-साथ उन लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने की प्रेरणा देता है, जो आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। इसी भावना को आत्मसात करते हुए अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन, रायपुर जिला इकाई द्वारा एक विशेष सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर स्थित गंगा कुष्ठ बस्ती, मंडी गेट, पंडरी में जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की जाएंगी। जिला इकाई द्वारा परिवारों को दीपावली विशेष उपहार पैकेट वितरित किए जाएंगे, ताकि उनके घरों में भी त्योहार की रौनक और खुशियां पहुंच सकें।

प्रत्येक दीपावली पैकेट में मिठाई, पटाखे, पुरुषों के लिए कपड़ों की एक जोड़ी, महिलाओं के लिए एक साड़ी, एक कंबल तथा 11 दीपक, बाती एवं तेल का सेट शामिल है। इस पहल का उद्देश्य केवल सामग्री का वितरण करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के साथ आत्मीयता, अपनत्व और सामाजिक समानता का भाव साझा करना है।

जिला अध्यक्ष उदित अग्रवाल ने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है और प्रकाश का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसकी रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। समाज में अनेक ऐसे परिवार हैं, जो अपनी सीमित आर्थिक परिस्थितियों के कारण त्योहार को उत्साहपूर्वक नहीं मना पाते। हमारा प्रयास है कि ऐसे परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली मनाएं और उनके चेहरों पर मुस्कान लाएं। उन्होंने कहा कि युवा अग्रवाल सम्मेलन केवल सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सेवा और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेगा।

जिला महामंत्री रजत अग्रवाल ने कहा कि यह रायपुर जिला इकाई का प्रथम सेवा कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम की कल्पना समाज के जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां बांटने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता और सेवा भावना में निहित है। जब युवा मिलकर किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए आगे आते हैं, तो एक छोटी सी पहल भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकती है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

इस सेवा पहल पर समाज के प्रांतीय प्रभारी ईश्वर अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, युवा प्रदेश अध्यक्ष अमर सुल्तानिया , राष्ट्रीय उप महामंत्री प्रमोद जैन जी एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कर्तव्य अग्रवाल , युवा प्रमुख संरक्षक  योगेश अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए रायपुर जिला इकाई को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने युवा साथियों द्वारा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन एवं सेवा कार्यों के लिए आगे आने की पहल की सराहना की।

इस सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक नितिन अग्रवाल, सलाहकार अभिषेक अग्रवाल (राधे), महेश अग्रवाल एवं निखिल अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल (सावरिया) एवं शुभम चौधरी, उपाध्यक्ष मोहक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमन चौधरी, मंत्री राहुल अग्रवाल एवं सुजल जिंदल तथा सदस्य उज्ज्वल अग्रवाल, दिव्यांश अग्रवाल, प्रत्युष गोयनका,  केशव केजरीवाल, प्रदीप अग्रवाल, अंशुल मोर एवं मयंक गर्ग सहित सभी सदस्यों का विशेष सहयोग एवं सहभागिता रहेगी।

अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन, रायपुर जिला इकाई का मानना है कि सामाजिक संगठन की सार्थकता केवल बड़े आयोजनों से नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से सिद्ध होती है। इसी विचार के साथ जिला इकाई ने सेवा, समर्पण और सहयोग को अपनी प्राथमिकता बनाते हुए इस पहल को आगे बढ़ाया है।

संस्था का संदेश है – खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और दीप जलाने से रोशनी कम नहीं होती। हमारा संकल्प है कि समाज का हर वर्ग त्योहार की खुशियों में सहभागी बने।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts