छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की 77% संपत्तियां बिकीं, 888 करोड़ की बुकिंग लाइव; 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर चल रहा काम

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में आज मंडल की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने की। इस अवसर पर मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण सहित मुख्यालय एवं विभिन्न प्रक्षेत्रों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मंडल द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं, जिनमें अटल विहार योजना, सामान्य आवास योजना, प्रधानमंत्री सह मुख्यमंत्री आवास योजना, निक्षेप कार्य, रिडेवलपमेंट योजना तथा वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 शामिल हैं, की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने प्रत्येक परियोजना की पृथक-पृथक एवं विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनावार प्रगति, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्ण एवं निर्माणाधीन इकाइयों, वित्तीय प्रगति, संपत्तियों के विक्रय तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि मंडल की कुल संपत्तियों में से अब तक लगभग 77 प्रतिशत संपत्तियों का विक्रय किया जा चुका है। वहीं वर्तमान में मंडल की 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव है।
मंडल द्वारा शहरी क्षेत्रों में आवासीय परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग एवं पुनर्विकास के उद्देश्य से 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से 5 योजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 5 योजनाओं को मंत्रिपरिषद से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
बैठक में वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 65 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। वहीं दुर्ग एवं बिलासपुर प्रक्षेत्रों द्वारा लगभग 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। मंडल अध्यक्ष ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रक्षेत्रों की सराहना करते हुए अन्य प्रक्षेत्रों को भी बुकिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में तैयार की जाने वाली सभी नई आवासीय योजनाओं में डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए अनिवार्य रूप से स्थान का प्रावधान किया जाए। इससे आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं एवं सुविधाएं कॉलोनी परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक कॉलोनी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाएं केवल मकानों के निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें नागरिकों को बेहतर जीवनशैली, मूलभूत सुविधाएं और स्वच्छ एवं हरित वातावरण भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है अथवा निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने तथा उनके ठेके निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्यों में अनावश्यक विलंब करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मंडल अध्यक्ष एवं आयुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखने, संपत्तियों के विक्रय में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts