छत्तीसगढ़रायपुर

21 नवंबर से धरसींवा के 144 गांवों में ‘सेवा संवाद यात्रा’ निकालेंगे विधायक अनुज शर्मा, 28 दिन तक जनता के घर करेंगे भोजन और रात्रि विश्राम

धरसींवा (विश्व परिवार)। जनता की समस्याओं को केवल सुनने नहीं, बल्कि उनके घर की दहलीज पर जाकर समाधान करने के संकल्प के साथ धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा आगामी 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक विधानसभा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक ‘सेवा संवाद यात्रा’ निकालेंगे। इस महाजनसंपर्क अभियान का विधिवत शुभारंभ 21 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
इस व्यापक अभियान की संपूर्ण रूपरेखा साझा करने के लिए आज सेवा सदन, में विधायक श्री शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र एवं राजधानी रायपुर से पधारे सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें दीपावली एवं आगामी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

144 गाँवों में घर-घर दस्तक देंगे विधायक
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि ‘सेवा संवाद यात्रा’ केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी उम्मीदों को धरातल पर उतारने का एक महाअभियान है। इस 28 दिवसीय सघन यात्रा के दौरान वे विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गाँवों में पहुंचेंगे, जहाँ जनता के घर-घर जाकर उनसे भेंट-मुलाकात करेंगे और स्थानीय स्तर पर आ रही मूलभूत समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित निराकरण और शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना की दिशा में कार्य करेंगे
धरसीवां विधानसभा के अपनी जनता के घर भोजन और रात्रि विश्राम
इस यात्रा की सबसे बड़ी और अनूठी विशेषता यह होगी कि विधायक अनुज शर्मा पूरे एक महीने तक अपने परिवार की तरह अपने क्षेत्र की जनता के बीच रहेंगे। यात्रा के दौरान वे किसी भी प्रकार की विशेष या वीआईपी व्यवस्था के बजाय अपने क्षेत्र की जनता के घर पर ही उन्हीं के साथ बैठकर सादगीपूर्ण भोजन करेंगे और गाँवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य गाँव की वास्तविक स्थिति और आम आदमी की तकलीफों को बेहद करीब से महसूस करना है।
उन्होंने भावुक और संकल्पित स्वर में आगे कहा, “धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है और यहाँ के हर एक नागरिक की सेवा करना मेरा सर्वोपरि कर्तव्य है। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। धरसींवा क्षेत्र के चहुँमुखी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और रोज़गार के अवसरों को बढ़ाने तथा डबल इंजन सरकार की नीतियों के अनुरूप क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए हमारी पूरी टीम पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ तत्पर है।”
यात्रा प्रभारियों की बैठक में तय हुई रणनीति
प्रेस कॉन्फ्रेंस के उपरांत सेवा सदन में ही ‘सेवा संवाद यात्रा’ के सफल संचालन हेतु सभी यात्रा प्रभारियों एवं प्रमुख पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विधायक श्री शर्मा ने यात्रा के रूट चार्ट, प्रतिदिन के प्रवास कार्यक्रम, विभिन्न गाँवों में होने वाली जनचौपाल, स्वागत एवं भोजन व्यवस्था तथा प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और क्षेत्र के विकास को नई गति देना है, अतः सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू होनी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, चंद्रशेखर शुक्ला, कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, रूखमनी वर्मा, शिवशंकर वर्मा, राजीव अग्रवाल, संदीप यदु, सरोज चंद्रवंशी, दिनेश खूँटे,टिकेश्वर मनहरे, सुरेन्द्र वर्मा, गोविंद साहू, सुनीता अनिल सोनी, रॉबिन साहू, पिंटू साहू, रश्मि वर्मा, बी.आर. गौतम, गोपेश साहू, मिथलेश वर्मा, निहाल सिंह वर्मा, अमरीका वर्मा, अश्वनी वर्मा, नत्थू युद, सुमित सेन,रामखिलावन वर्मा,सोहन धीवर,तेजराम पाल,सूरज सोनी,विकास ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts