छत्तीसगढ़रायपुर

एनआईटी रायपुर में दो दिवसीय नासा इंटरनेशनल स्पेस ऐप्स चैलेंज 2026 का हुआ शुभारंभ

रायपुर (विश्व परिवार)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE)और इनोवेशन सेल द्वारा आयोजित दो दिवसीय नासा इंटरनेशनल स्पेस ऐप्स चैलेंज 2026 का 14 नवंबर को शुभारंभ हुआ | इस 48 घंटे के वैश्विक हैकाथॉन में नवाचार और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति पृथ्वी और अंतरिक्ष की वास्तविक चुनौतियों का समाधान खोजने के प्रयास किए जाएंगे। एन आई टी रायपुर एक लोकल लीड के तौर पे नासा से जुड़कर इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने हेतु एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। इस कार्यक्रम हेतु पूरे देश से लगभग 450 से ज्यादा पंजीकरण प्राप्त हुए है जिसमें, हर उम्र हर वर्ग के व्यक्ति ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में भाग ले रहे हैं |

कार्यक्रम का शुभारंभ उद्घाटन समारोह के साथ हुआ, जिसमें सम्माननीय अतिथियों के रूप में करियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेयी, मेंटर, COSINE, डॉ. शुभाशीष सान्याल, एनालॉग एस्ट्रोनॉट श्री लुमेश साहू, श्री अर्चित ओझा, फैकल्टी मेंबर्स और प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का आयोजन COSINE के प्रमुख और ई सेल के फैकल्टी इन चार्ज डॉ सौरभ गुप्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है |
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. गुप्ता के संबोधन से हुई। नासा स्पेस ऐप्स चैलेंज का परिचय देते हुए उन्होंने इस मंच द्वारा प्रदान किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय अवसर पर प्रकाश डाला, उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में संस्थान के शैक्षणिक दृष्टिकोण को साझा किया, जिसमें वर्तमान स्नातक स्तरीय ओपन इलेक्टिव विषयों और भविष्य में शुरू होने वाले स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की योजनाओं का उल्लेख किया गया।

श्री साहू ने अपने संबोधन में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में संस्थान की शैक्षणिक और अनुसंधान पहलों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि संस्थान का कॉसाइन केंद्र क्वांटम, स्पेस हेल्थ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में शोधार्थियों का मार्गदर्शन कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप बासठ लाख रुपये से अधिक का रिसर्च ग्रांट तथा तीन पेटेंट प्राप्त हुए हैं।

श्री अर्चित ओझा ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि तकनीकी समाधान ऐसे होने चाहिए जिन्हें व्यावहारिक रूप से लागू किया जा सके और जिनका व्यापक स्तर पर विस्तार किया जा सके। उन्होंने छात्रों को अपने कार्य का उचित दस्तावेजीकरण कर उसे लिंक्डइन और गिटहब जैसे पेशेवर मंचों पर प्रदर्शित करने का सुझाव दिया।

डॉ. सान्याल ने अपने संबोधन में बताया कि इस आयोजन ने छात्रों को वास्तविक दुनिया की समस्याओं से जोड़ा है। छत्तीसगढ़ के छात्रों की क्षमताओं का उल्लेख करते हुए, उन्होंने एनआईटी रायपुर में एक सतत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर जोर दिया, जो नवप्रवर्तकों को अपनी क्षमताओं का उपयोग करने और हैकाथॉन के बाद भी अपने कार्य को निरंतर जारी रखने में सक्षम बनाए। उन्होंने बताया कि नवाचार की यात्रा जारी रखने हेतु संस्थान भविष्य में उद्यमिता, पेटेंट (एकस्व) और स्टार्टअप (नवोदित उद्यमों) के विषयों पर नए प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है।

डॉ. समीर बाजपेयी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रतिभागियों को भविष्य के अग्रणी नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि वर्तमान में तकनीक, शैक्षणिक जगत की तुलना में कहीं अधिक तीव्र गति से विकसित हो रही है, जिसे पाटने के लिए कौशल आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह हैकाथॉन नवाचार का अंत नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों से तकनीकी समाधान विकसित करते समय उसके सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक पहलुओं पर भी विचार करने का आह्वान किया।
यह आयोजन युवा नवप्रवर्तकों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, बहुविषयक सहयोग और समस्या-समाधान की क्षमता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से विश्व की प्रमुख चुनौतियों के समाधान में योगदान देने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts