छत्तीसगढ़पेंड्रा-मरवाही

मरवाही में 62 हाथियों के दल से दहशत, बांध में अठखेलियां करते हाथियों का ड्रोन वीडियो वायरल; खेतों में मचाया उत्पात

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (विश्व परिवार)। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 62 हाथियों के सबसे बड़े दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है. हाथियों का झुंड इन दिनों अलग-अलग इलाकों में लगातार विचरण कर रहा है. इस बीच सोशल मीडिया पर ड्रोन से लिए गए एरियल व्यू का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूरा दल बांध के पानी में उतरकर मस्ती और अठखेलियां करता साफ तौर पर देखा जा सकता है. पानी में नहाने के बाद हाथियों का यह दल पास के खेतों में पहुंच गया और धान की खड़ी फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, मरवाही वनमण्डल के ​धवाई टिकरा में हाथियों का दल विचरण कर रहा है. इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की आवाजाही से आसपास के गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला और हाथी मित्र दल पूरी तरह अलर्ट पर है. वनकर्मियों की टीम लगातार हाथियों की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
​विभाग की ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि ​हाथियों के दल से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें.​ जंगल की ओर न जाएं और अकेले निकलने से बचें. ​हाथियों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें.​ हाथियों की आवाजाही की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts