छत्तीसगढ़रायपुर

आरंग-भिलाई मार्ग पर हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

आरंग (विश्व परिवार)। आज सुबह आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और मुआवजे के साथ सुरक्षा की मांग को लेकर उन्होंने नयापारा रोड पर चक्काजाम कर दिया।
जानिए कब और कैसे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे के आसपास हुआ है। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। मनोज सुबह के समय नहाने के लिए जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों ने चम्पारण रोड पर किया चक्का जाम
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह से ही चम्पारण रोड पर जाम लगा दिया, जिसके चलते मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के साथ सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग कर रहे हैं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही आरंग तहसीलदार और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की टीम आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और उन्हें उचित समझाइश देने का प्रयास कर रही है। स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts