जयपुर

जयपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय गुरुआस्था परिवार अधिवेशन 14 नवंबर से, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े होंगे मुख्य अतिथि

  • आचार्य प्रज्ञासागर महाराज के सानिध्य में होगा भव्य पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव, देशभर से जुटेंगे हजारों गुरु भक्त

जयपुर (विश्व परिवार)। राष्ट्रसंत आचार्य 108 प्रज्ञासागर महाराज के पावन सानिध्य में 14 एवं 15 नवंबर को जयपुर के गोलोकधाम निमोडिया में दो दिवसीय राष्ट्रीय गुरुआस्था परिवार अधिवेशन एवं भव्य पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से एक हजार से अधिक गुरु भक्त और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कार्यक्रम की थीम गौ सेवा से आत्म कल्याण रखी गई है। 15 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राष्ट्रीय गुरुआस्था परिवार के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं चातुर्मास व्यवस्था समिति के मुख्य संयोजक चेतन जैन निमोडिया ने बताया कि शुक्रवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े को राष्ट्रीय अधिवेशन एवं पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। वे 15 नवंबर को सुबह 11 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे।

14 नवंबर को होगा अधिवेशन का शुभारंभ

राष्ट्रीय मुख्य संयोजक राजीव जैन गाजियाबाद ने बताया कि 14 नवंबर को सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण एवं ध्वज स्थापना के साथ अधिवेशन का शुभारंभ होगा। इसके बाद चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, मंगल कलश स्थापना, मंगलाचरण, पाद प्रक्षालन, जिनवाणी भेंट, परिचय सत्र और जैन प्रतिभा सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दोपहर 2 बजे से द्वितीय सत्र शुरू होगा। इसमें जैन प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। रॉक स्टार चिंतन बाकलीवाल इंदौर को जैन स्वर चक्रवर्ती अवार्ड, मोटिवेशनल स्पीकर सौरभ जैन जयपुर को द वॉइस ऑफ इंस्पिरेशन अवार्ड और मिसेज इंडिया श्वेता मोदी को जैन वुमन एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया जाएगा। कोटा गुरु आस्था परिवार को बेस्ट गुरु आस्था परिवार-2026 के सम्मान से नवाजा जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय गुरुआस्था परिवार की वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी होगा।

शाम को होगा भव्य पिच्छीका परिवर्तन समारोह

14 नवंबर को शाम 6 बजे गुरुभक्ति के साथ आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का पिच्छीका परिवर्तन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ महाआरती और रात 7:30 बजे से 10:30 बजे तक भजन संध्या होगी। इसमें इंदौर के रॉक स्टार चिंतन बाकलीवाल और प्रखर जैन अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

15 नवंबर को राज्यपाल होंगे शामिल

15 नवंबर को सुबह 6:30 बजे भगवान जिनेंद्र का अभिषेक एवं शांतिधारा होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे से तृतीय सत्र प्रारंभ होगा। इसमें पर्यावरण संरक्षण पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ उपस्थित सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। सुबह 11 बजे आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े शामिल होंगे। इस दौरान आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का आशीर्वचन भी होगा।

दोपहर 2 बजे से अधिवेशन का चतुर्थ सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रकोष्ठों एवं प्रांतीय अध्यक्षों द्वारा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। संगठन के आगामी लक्ष्यों पर चर्चा कर नई योजनाओं का निर्धारण किया जाएगा। शाम 4:55 बजे ध्वज वंदन के साथ दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का समापन होगा।

देशभर से पहुंचेंगे गुरु भक्त

आयोजन में जयपुर, कोटा, उज्जैन, बड़ौदा, सूरत, इंदौर, पिंडराई, भवानीमंडी, सोनकच्छ, गरोठ, दमोह, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता सहित देश के विभिन्न शहरों से गुरु भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार अधिवेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन धर्म, अध्यात्म, गुरु भक्ति और सामाजिक एकता के साथ गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी आगे बढ़ाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts