जगदलपुर 

दीपावली मिलन में मनोरंजन के साथ टैक्स एवं AI तकनीक पर हुई चर्चा

  • जगदलपुर में CA सदस्यों का दीपावली मिलन समारोह आयोजित
  • बॉक्स क्रिकेट एवं मनोरंजक स्पर्धाओं के साथ GST, Income Tax और TallyPrime 7.2 की नई तकनीकों पर हुआ ज्ञानवर्धक सत्र

जगदलपुर (विश्व परिवार)। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के CIRC अंतर्गत जगदलपुर CPE चैप्टर द्वारा गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को शगुन फार्म्स, जगदलपुर में दीपावली मिलन समारोह 2026 का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में CA सदस्यों ने मनोरंजक गतिविधियों के साथ ज्ञानवर्धक एवं तकनीकी सत्र में सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3:30 बजे हुई। प्रथम सत्र में उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सदस्यों के मनोरंजन और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बॉक्स क्रिकेट सहित विभिन्न मनोरंजक खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी सदस्यों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और दीपावली मिलन के इस अवसर का आनंद उठाया।

कार्यक्रम का दूसरा सत्र शाम 6:30 बजे से ‘ज्ञान की पाठशाला’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में नितिन जैन, संस्थापक पीसी प्लेनेट, जबलपुर ने GST Compliance, Audits, E-Invoicing एवं Income Tax के नवीनतम नियमों और व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि बदलते टैक्स नियमों एवं तकनीकी विकास के दौर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने कार्यों को अधिक सरल, तेज और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किस प्रकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सीए विवेक सोनी द्वारा बताया गया कि सत्र का विशेष आकर्षण TallyPrime के नवीनतम संस्करण 7.2 का लाइव डेमो रहा। जिसमें नितिन जैन ने AI आधारित नई सुविधाओं एवं स्मार्ट ऑटोमेशन का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि किस प्रकार TallyPrime 7.2 के माध्यम से अकाउंटिंग, बैंक रिकन्सिलिएशन, डॉक्यूमेंट्स से डेटा एंट्री, GST अनुपालन तथा अन्य व्यावसायिक प्रक्रियाओं को अधिक आसान और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। उपस्थित CA सदस्यों ने नई सुविधाओं को समझा तथा अपने दैनिक पेशेवर कार्यों में इनके उपयोग की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं ऑटोमेशन भविष्य की अकाउंटिंग व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन तकनीकों को अपनाकर CA प्रोफेशनल्स अपने कार्यों की दक्षता बढ़ाने के साथ क्लाइंट्स को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन CA नीरव मोतीवाला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी आमंत्रित सदस्यों का अभिवादन वरिष्ठ CA अविनाश जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन CA विवेक सोनी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में CA विवेक सोनी (संयोजक) एवं CA नीरव मोतीवाला (सह संयोजक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मनोरंजन, आपसी सौहार्द एवं ज्ञान के समन्वय से आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह जगदलपुर के CA सदस्यों के लिए एक यादगार एवं उपयोगी आयोजन रहा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts