छत्तीसगढ़रायपुर

भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर भूपेश बघेल और ओपी चौधरी में सोशल मीडिया वार, एक-दूसरे पर लगाए आरोप

रायपुर (विश्व परिवार)। भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर छत्तीसगढ़ में सियासत जोरदार गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच सोशल मीडिया में वार-पलटवार हो रहा है. इसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जनजातीय सम्मेलन में वित्त मंत्री के दिए भाषण की कटिंग को सोशल मीडिया में पोस्ट करने के साथ हुई, जिस पर वित्त मंत्री ने पलटवार किया, जिसके जवाब में फिर से भूपेश बघेल ने हमला किया है।
दरअसल, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन जनजातीय सम्मेलन में भाषण देते वक्त वित्त मंत्री ओपी चौधरी की जबान फिसल गई थी, जिसमें उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जगह भगवान बिरसा ‘मुंडी’ कह दिया था. भाषण के इस क्लिपिंग को भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में शेयर करते हुए लिखा कि ‘भगवान बिरसा मुंडा तक का नाम तो ठीक से ले नहीं पा रहे हैं और मनाने चले हैं जनजातीय गौरव दिवस. जब मन में पाप हो तो ज़ुबान फिसल ही जाती है।’
सोशल मीडिया पर जब बात कही गई तो जवाब देना भी लाजिमी हो जाता है. लिहाजा ओपी चौधरी ने इस पोस्ट के जवाब में एक लंबा पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, ‘आपने जो सोशल मीडिया में भगवान बिरसा मुंडा जी का ,मुझे लेकर जो वीडियो पोस्ट किया है। यह आपके घटिया राजनीति के स्तर को बताता है। वैसे आप तो टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग के भी माहिर और स्तरहीन खिलाड़ी भी हैं। अपने CBI केस के बारे में हमारे छत्तीसगढ़ की जनता को एक बार याद दिलाइएगा तो…
वैसे आप मेरा जो वीडियो अपलोड किये हैं, उसमें मैं जो जिक्र कर रहा हूँ कि मोदी जी ने आजाद भारत में आदिवासी समाज से पहला राष्ट्रपति बनवाया। इसमें कुछ गलत है क्या? क्या आप जवाब देंगे कि आजादी के बाद कांग्रेस को 50 सालों से ज्यादा मौका मिला तो आदिवासी समाज से कोई राष्ट्रपति कांग्रेस ने क्यों नहीं बनाया?
उस वीडियो में मैं जिक्र कर रहा हूँ कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती 15 नवंबर को मोदी जी ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया और आज पूरे देश में यह मनाया जाता है। क्या इसमें आपको कहीं कोई आपत्ति है? साथ में यह भी बताइयेगा कि 50 सालों से अधिक अवसर मिलने पर भी राष्ट्रनायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को आपके प्रधानमंत्रियों ने क्यों नहीं मनवाया? आखिर गांधी परिवार से आगे आप लोगों को क्यों नहीं दिखता?
ओपी चौधरी ने अपनी बात को कहने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखते हुए अंत में लिख डाला कि आपकी, जनता के बीच कोई एक्टिविटी न तो मुझे 15 नवंबर की दिखी और न ही उसके बाद की. भगवान बिरसा मुंडा जी को समर्पित जनता के बीच कोई कार्यक्रम किये होंगे तो मुझे जरूर भेजियेगा, मैं इंतजार करूँगा और अगर लोगों के बीच कोई कार्यक्रम नहीं किये होंगे तो आदिवासी समाज, पूरे प्रदेश और देश से जरूर माफी मांगियेगा।
अब जब बात चली है तो दूर तलक जाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ओपी चौधरी के पोस्ट का जवाब देते हुए अपनी भी बात विस्तार से रखी. उन्होंने जवाब में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का नाम ग़लत लेकर अपमान आपने किया और बुरा भी आप ही मान गए. कमाल है. इसके साथ शेयर की गई फोटो कि जिक्र करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की यह जीवंत प्रतिमा बस्तर के चारामा में लगी है. विधानसभा के तत्कालीन उपाध्यक्ष और भानुप्रतापपुर के विधायक स्व. मनोज मंडावी जी ने यह प्रतिमा लगवाई थी. तारीख़ थी, 13-08-2022.
हज़ारों लोगों की उपस्थिति में एक गरिमामय कार्यक्रम में इस मूर्ति का अनावरण हुआ था. और यह सिर्फ़ एक उदाहरण है उस समय का जब आरएसएस-भाजपा के मन में भगवान बिरसा मुंडा को लेकर प्रेम उपजना शुरु नहीं हुआ था. हमने क्या क्या किया और क्या क्या नहीं किया इसके विवरण में कुछ नहीं धरा है. असल सवाल आदिवासियों के सम्मान का है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा कि आप लोग किस मुंह से आदिवासियों की बात करेंगे? आपकी आत्मा तो अडानी के पास गिरवी है और आप एक एक करके छत्तीसगढ़ का सारा जंगल अडानी के नाम करने पर तुले हुए हैं।
कुल मिलाकर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर आयोजित कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में सियासी जंग का विषय बन चुका है. वार पर पलटवार हो रहे हैं. अब सोशल मीडिया पर नजर रखने वालों की ध्यान इस ओर है कि इस सियासी जंग में अगला तीर कौन छोड़ता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts