रायपुर

बिरगांव में महिला स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम, मितानिनों और महिला आरोग्य समिति के सदस्यों को दी गई जानकारी

बिरगांव (विश्व परिवार)। राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र के सहयोग से नगर निगम बिरगांव क्षेत्र में महिला आरोग्य समिति के सदस्यों एवं मितानिनों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सिटी कोऑर्डिनेटर जब्बार हसन एवं एरिया कोऑर्डिनेटर अनीता शर्मा की उपस्थिति में एम.टी. (मितानिन प्रशिक्षकों) द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की मितानिनों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण देने वाले मितानिन प्रशिक्षकों में रश्मि साहू, नारायणी साहू, दीपेश्वरी साहू, लखेश्वरी वर्मा एवं देवकी पांडे शामिल रहीं।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य, महिला आरोग्य समिति की आवश्यकता एवं महत्व, समिति का गठन, उसकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, एनीमिया तथा किशोर-किशोरियों से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान एवं उनके समाधान के विषय में भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि महिला आरोग्य समिति अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर कार्ययोजना तैयार करे तथा संबंधित विभागों के सहयोग से उनका निराकरण कराने में सक्रिय भूमिका निभाए।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत बिरगांव के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 100 मितानिनों एवं 100 महिला आरोग्य समितियों के सदस्यों सहित कुल 1,000 सदस्यों को प्रशिक्षित करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने और जमीनी स्तर पर सामुदायिक भागीदारी को मजबूत बनाने का प्रयास किया गया।

इस पहल से बिरगांव क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts