नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारत और नेपाल के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर नई दिल्ली में देखने को मिली। द्विपक्षीय वार्ता से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच पारंपरिक उपहारों का आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने नेपाली समकक्ष को त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया, जबकि नेपाल के प्रधानमंत्री ने उन्हें रुद्राक्ष की माला और भगवान पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।
राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत और बापू को श्रद्धांजलि
भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक और भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने गले लगाकर उनकी अगवानी की, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत नेपाली पीएम ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वे उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक के लिए सीधे हैदराबाद हाउस पहुंचे।
व्यापार, ऊर्जा और ‘संयुक्त विजन दस्तावेज’ पर फोकस
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को नई मजबूती देना है। इस यात्रा के दौरान दोनों देश के बीच कनेक्टिविटी और ऊर्जा से जुड़ी कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ-साथ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखने की उम्मीद है। इसके अलावा, दीर्घकालिक द्विपक्षीय लक्ष्यों और ठोस उद्देश्यों को निर्धारित करने के लिए “समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत” शीर्षक से एक ‘संयुक्त विजन दस्तावेज’ जारी किए जाने की भी संभावना है।
अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच शुरू होगी सीधी साप्ताहिक ट्रेन
बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस रेल सेवा के शुरू होने से भगवान राम की जन्मभूमि (अयोध्या) और माता सीता की जन्मभूमि (जनकपुरधाम) के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा।
कुल दूरी: यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
संचालन का दिन: यह साप्ताहिक ट्रेन हर शनिवार को जनकपुरधाम से और हर सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी।
प्रमुख स्टॉपेज: यात्रा के दौरान यह ट्रेन अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।







