भिलाई

मुख्यमंत्री के भिलाई आगमन की तैयारियों का कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने लिया जायजा, आईटीआई फुटबाल ग्राउंड का किया निरीक्षण

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगामी 24 नवम्बर 2026 को भिलाई आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान खुर्सीपार क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह एवं नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने आईटीआई फुटबाल ग्राउंड खुर्सीपार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के आगमन एवं कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थल की साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए। कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही कुर्सी, टेबल, मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय बनाकर तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं निगम आयुक्त ने निगम के संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई सहित निगम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts