रायपुर/मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने किसानों और ग्रामीण समुदायों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से ‘बड़ौदा किसान पखवाड़ा’ के 9वें संस्करण की शुरुआत की है। यह आयोजन 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक देशभर में किया जाएगा। इस पहल के जरिए किसानों को संस्थागत ऋण, वित्तीय समावेशन और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पखवाड़े के दौरान बैंक अपने शाखा नेटवर्क के माध्यम से किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), कृषि उद्यमियों और ग्रामीण क्षेत्र के अन्य हितधारकों से संपर्क करेगा। इसके तहत किसान बैठकें, ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम, वित्तीय साक्षरता सत्र और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
बैंक के कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और किसान देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस पहल के माध्यम से किसानों को संस्थागत ऋण, डिजिटल बैंकिंग और विभिन्न वित्तीय सेवाओं की जानकारी देकर उनके साथ बैंक का जुड़ाव मजबूत किया जाएगा।
कृषि ऋण योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
इस दौरान बैंक अपनी कृषि एवं ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं की जानकारी भी देगा। इनमें किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), स्वयं सहायता समूहों को ऋण, स्वर्ण ऋण, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को वित्तीय सहायता, कृषि अवसंरचना निधि, पीएमएफएमई, पीएम-कुसुम योजना, कृषि यंत्रीकरण ऋण और कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिए ऋण सुविधाएं शामिल हैं।
बैंक का उद्देश्य किसानों को उनकी कृषि एवं संबद्ध जरूरतों के लिए समय पर और सुविधाजनक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान देना है।







