छत्तीसगढ़रायपुर

कोरबा में स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण में लापरवाही पर दो ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, 9 महीने में पूरा करना था काम

रायपुर (विश्व परिवार)। शासकीय निर्माण कार्यों में लापरवाही एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल द्वारा दो निर्माण एजेंसियों, मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है।
जिला कोरबा के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रंजना (विकासखण्ड कटघोरा), प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उतरदा (विकासखण्ड पाली) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पसान (विकासखण्ड पोड़ी उपरोड़ा) में आवासीय भवन निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाना था। इन निर्माण कार्यों को अनुबंध के तहत 09 माह की अवधि में पूर्ण करने का दायित्व संबंधित ठेकेदार एजेंसियों को सौंपा गया था।
निर्माण कार्यों की प्रगति अत्यंत धीमी होने तथा ठेकेदारों की लापरवाही के कारण कार्य प्रभावित होने पर मण्डल द्वारा संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने एवं कार्यों के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए मण्डल ने नियमानुसार कार्रवाई की है।

इस कार्रवाई के तहत मेसर्स विनायक इन्फ्रास्ट्रक्चर, ब-वर्ग ठेकेदार (CGeR12820) एवं मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स, द-वर्ग ठेकेदार (CGeR20160) को काली सूची (ब्लैक लिस्ट ) में दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है।
इस पर मण्डल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्य सीधे आम नागरिकों की सुविधाओं और जनहित से जुड़े होते हैं। इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वह अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करे। जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने बताया कि सभी तरह के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा, निर्माण गुणवत्ता एवं अनुबंध की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। सभी संबंधित अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts