छत्तीसगढ़रायपुर

कृष्णा विकास ग्रुप का वार्षिक समारोह ‘VIBRANCE-2026’ 30 नवंबर को, ‘मिलेनियम टू जेन अल्फा’ होगी थीम

रायपुर (विश्व परिवार)। कृष्णा विकास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा अपना चौथा वार्षिक समारोह ‘VIBRANCE-2026’ 30 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे कृष्णा विकास क्रिकेट ग्राउंड, वीर सावरकर नगर, नंदन वन के पीछे रायपुर में होगा। इस वर्ष समारोह की थीम ‘वाइब्रेंस- मिलेनियम टू जेन अल्फा’ रखी गई है, जो बदलती पीढ़ियों, उनकी उम्मीदों, रचनात्मकता, नवाचार और युवा भारत की ऊर्जा को प्रदर्शित करेगी।

आयोजन के संबंध में 28 नवंबर को प्रेस क्लब, मोतीबाग रायपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें संस्थान के पदाधिकारियों ने ग्रुप के विजन, विकास यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी। इसमें कृष्णा विकास ग्लोबल स्कूल और कृष्णा विकास ग्लोबल यूनिवर्सिटी, रायपुर की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया।

समारोह में रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि तथा सीबीएसई रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश बर्मन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में ग्रुप के चेयरमैन दसारी मुरली कृष्ण, मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक दसारी, चेयरमैन ऑफिस के डायरेक्टर लोकेश दसारी और कृष्णा विकास ग्लोबल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. वाई. नरसिम्हुलु सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

वार्षिक समारोह में संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, रचनात्मकता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ परीक्षा परिणाम, प्लेसमेंट, शोध योगदान, पेटेंट और खेल गतिविधियों में मिली सफलताओं की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विद्यार्थियों के विशेष प्रदर्शन और पुरस्कार समारोह भी आयोजित होंगे। विभिन्न शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

संस्थान प्रबंधन के अनुसार, ‘VIBRANCE-2026’ केवल वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, शिक्षकों के समर्पण को सम्मान देने और संस्थान की सामूहिक उपलब्धियों एवं विकास का उत्सव है। कार्यक्रम में अतिथियों, शिक्षाविदों, फैकल्टी सदस्यों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों की सहभागिता रहेगी। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा, जिसके बाद हाई टी और अनौपचारिक संवाद का आयोजन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts