छत्तीसगढ़रायपुर

फाफाडीह के टिंबर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के फाफाडीह टिंबर मार्केट में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में भड़की, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में 6 फायर ब्रिगेड भेजी गई थीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अब तक 12 से अधिक दमकल वाहन तैनात किए जा चुके हैं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं और सुबह तक राहत कार्य जारी है।
एम्स से मंगाया जा रहा पानी
आग बुझाने के लिए अतिरिक्त पानी की व्यवस्था की जा रही है। जानकारी के अनुसार, एम्स अस्पताल परिसर से भी पानी लाकर आग बुझाने में इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
लाखों का नुकसान, प्लाईवुड जलकर खाक
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा प्लाईवुड सहित लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। टिंबर मार्केट में आग लगने से आसपास के व्यापारियों में भी दहशत का माहौल रहा।
पुलिस-प्रशासन मौके पर, कारण अज्ञात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह पूरा मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts