छत्तीसगढ़रायपुर

रक्षाबंधन पर डाक विभाग का खास तोहफा, ₹520 में लॉन्च हुआ ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’

रायपुर (विश्व परिवार)। रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स लॉन्च किया है। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने डाक विभाग के अधिकारियों के साथ यह बॉक्स लॉन्च किया।
इसकी कीमत 520 रुपए रखी गई है। बॉक्स में राखी के साथ अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, की-रिंग और तीन पिक्चर पोस्टकार्ड दिए जा रहे हैं। इसकी बिक्री मंगलवार से विशेष काउंटर के जरिए शुरू कर दी गई है। साथ ही राखी भेजने वालों को 10 रुपए के व्हाइट प्रूफ एनवलप के साथ 10% डिस्काउंट भी मिलेगा। वहीं, पार्सल बुकिंग को आसान बनाने के लिए रायपुर में जल्द 24 घंटे चलने वाला सेल्फ-सर्विस कियोस्क शुरू किया जाएगा।
‘ई-कॉमर्स से अलग पैकेजिंग, युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार’
प्रणव कुमार ने बताया कि इस गिफ्ट बॉक्स इस तरह तैयार किया गया है कि भाई-बहन राखी के साथ कई दूसरी चीजें भी एक ही पैक में भेज सकें। उन्होंने बताया कि बॉक्स में तीन पिक्चर पोस्टकार्ड भी हैं, जिनका इस्तेमाल आज की युवा पीढ़ी और Gen Z के बीच बढ़ रहा है।डाक विभाग इस पैक को स्कूल, गर्ल्स कॉलेज, इंजीनियरिंग संस्थानों और कॉलोनियों तक पहुंचाने की योजना बना रहा है।
राखी भेजने के लिए 10 रुपए का व्हाइट प्रूफ एनवलप, 10% डिस्काउंट
राखी भेजने वालों के लिए डाक विभाग की ओर से 10 रुपए का व्हाइट प्रूफ एनवलप भी उपलब्ध कराया जा रहा है। राखी पोस्ट करने वाले भाई-बहनों को 10 प्रतिशत डिस्काउंट देने की व्यवस्था की गई है।
राखी में एक भी एनवलप डॉक घर में नहीं रहेगा
CPMG प्रणव कुमार ने बताया कि राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राखी के दिन सुबह तक RMS ऑफिस में राखी का एक भी एनवलप नहीं बचना चाहिए।
डिलीवरी के लिए जो भी राखियां RMS पहुंचेंगी, उन्हें समय पर संबंधित पोस्ट ऑफिस भेजा जाएगा। इसके बाद पोस्टमैन को राखी के दिन ही संबंधित पते पर डिलीवरी करने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि राखी के दिन डिलीवरी के लिए आई कोई भी राखी पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए।
जल्द खुलेगा 24 घंटे चलने वाला सेल्फ बुकिंग कियोस्क
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि डाक विभाग जल्द ही रायपुर आफिस में 24 घंटे चलने वाला पार्सल बुकिंग कियोस्क शुरू करेगा। इसमें ग्राहक खुद पार्सल बुक कर सकेंगे। कियोस्क में पूरी प्रक्रिया के लिए जरूरी जानकारी और गाइड उपलब्ध रहेगी। इसे हेडक्वार्टर के बाहर शुरू करने की योजना है।
बच्चों के आधार अपडेट के लिए रविवार को खुलेगा डाकघर
उन्होंने बताया आने वाले दिनों में 5 से 15 साल के बच्चों के आधार अपडेटेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऑफिस जाने वाले अभिभावकों की सुविधा के लिए रविवार को हेडक्वार्टर खोलकर बच्चों का आधार अपडेट किया जाएगा।
इसके साथ ही भविष्य में डाक विभाग की ओर से हर सप्ताह एक स्कूल में आधार कैंप लगाने की योजना है। पैरामिलिट्री फोर्स के कैंपों में भी आधार अपडेट करने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। ग्रामीणों को आधार अपडेट कराने के लिए शहर नहीं आना पड़े, इसके लिए पंचायतों के साथ समन्वय कर गांवों में ही आधार एनरोलमेंट और अपडेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts