छत्तीसगढ़रायपुर

एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

रायपुर (विश्व परिवार)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) को पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीएचएफआई) की अकादमिक सलाहकार परिषद (AAC) का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। यह नियुक्ति सार्वजनिक स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रशासन और संस्थागत विकास के क्षेत्र में उनके अनुभव एवं योगदान को देखते हुए की गई है।

पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया देश की अग्रणी संस्थाओं में शामिल है, जो शिक्षा, अनुसंधान, नीतिगत सहभागिता और क्षमता निर्माण के माध्यम से भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए कार्य करती है। इसकी अकादमिक सलाहकार परिषद शैक्षणिक रणनीतियों के निर्धारण, अनुसंधान की प्राथमिकताओं और चिकित्सा एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल को भारतीय सशस्त्र बलों और एम्स रायपुर में सेवाओं के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन, चिकित्सा शिक्षा तथा संस्थागत विकास का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ है। उनके नेतृत्व और प्रशासनिक अनुभव से सार्वजनिक स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत बनाने, अनुसंधान को प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

इस उपलब्धि पर एम्स रायपुर परिवार ने लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी नियुक्ति को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts