रायपुर (विश्व परिवार)। छठ महापर्व के अवसर पर रायपुर के 13 वर्षीय बाल पर्यावरणविद् आदित्य राजे सिंह ने श्रद्धालुओं से छठी मैया की आराधना के साथ नदियों, जलाशयों एवं छठ घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि छठी मैया को प्रकृति की देवी माना जाता है। सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी संदेश देती है। श्रद्धालु नदियों में प्लास्टिक, कचरा एवं पूजन सामग्री न डालें तथा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
आदित्य राजे ने कहा, “सच्ची आस्था तभी सार्थक होगी, जब हम प्रकृति का सम्मान करेंगे। स्वच्छ नदियां और प्रदूषणमुक्त घाट भी हमारी पूजा का हिस्सा होने चाहिए।”
आदित्य राजे सिंह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें पर्यावरण विषय में विश्व के सबसे कम उम्र के पीएचडी धारक के रूप में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त है। वे पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियानों के माध्यम से निरंतर योगदान दे रहे हैं।







