रायपुर (विश्व परिवार)। गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 29 में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए CEED के सहयोग से लू एवं गर्मी से बचाव विषयक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान के बीच कार्यरत सफाई मित्रों को हीट स्ट्रोक (लू) से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में सुश्री नूतन वर्मा एवं केशव शर्मा ने उपस्थित सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण लंबे समय तक धूप में कार्य करने वाले श्रमिकों एवं सफाई कर्मियों के लिए लू का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लू के प्रमुख लक्षणों जैसे तेज सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, शरीर का तापमान बढ़ जाना, बेहोशी, उल्टी, मांसपेशियों में ऐंठन, तेज सांस चलना तथा मानसिक भ्रम की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लू से प्रभावित व्यक्ति को तत्काल छायादार एवं ठंडी जगह पर ले जाकर आराम कराना चाहिए, शरीर को ठंडे पानी से पोंछना चाहिए तथा होश में होने पर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ पिलाना चाहिए। गंभीर स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचाने अथवा 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करने की सलाह भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल में हीट स्ट्रोक पीड़ितों के उपचार हेतु उपलब्ध विशेष चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही सफाई मित्रों को नियमित अंतराल में पानी पीने, ओआरएस का सेवन करने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने, सिर को टोपी अथवा गमछे से ढंककर रखने तथा अत्यधिक धूप के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि सफाई मित्र हमारे समाज के ऐसे कर्मयोगी हैं, जो प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य कर शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में सफाई मित्रों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे स्वयं को लू एवं अन्य मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रख सकें। यह अभियान उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने CEED की टीम, सुश्री नूतन वर्मा एवं केशव शर्मा का इस महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
पार्षद कैलाश बेहरा ने सभी सफाई मित्रों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय है तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।







