रायपुर (विश्व परिवार)। जैन सम्राट गौरव वर्ष 2026-27 के अवसर पर जैन महिला मिलन रायपुर द्वारा “जीव दया” विषय पर सराहनीय पहल की गई। भीषण गर्मी को देखते हुए 11 मई को शहर में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सकोरे (मिट्टी के बर्तन) बांटे गए।
इस दौरान संस्था की सदस्यों ने अलग-अलग स्थानों पर सकोरे टांगकर उनमें पानी भरने का संकल्प लिया, ताकि गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में सभी वीरांगनाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और जीव दया का संदेश दिया।
संस्था की अध्यक्ष प्रीति जैन ने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं सचिव राखी जैन पवैया और कोषाध्यक्ष रेशू जैन ने भी इस अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही।
जैन महिला मिलन रायपुर की इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।







