छत्तीसगढ़रायपुर

बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह के दौरे पर बलरामपुर शाखा का उद्घाटन, एमएसएमई उद्यमियों से भी की चर्चा

बलरामपुर/अंबिकापुर (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह के दो दिवसीय अंबिकापुर दौरे के दौरान आज बलरामपुर शाखा का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बैंक के विभिन्न उत्पादों, साइबर सुरक्षा, ग्राहक सेवा और बैंक तथा समाज के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने बैंक और समाज के बीच समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बैंक द्वारा लिए जा रहे निर्णयों एवं संचालित योजनाओं को समाज में प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।
बैंक के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में बैंक के विभिन्न उत्पादों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्राहकों और शाखा के स्टाफ सदस्यों को संबोधित किया। इस अवसर पर बलरामपुर के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) मुकुंद करण ने भी अपने विचार रखे। वहीं, टीआईए भूपेंद्र कुमार ने साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में लगभग 70 से 80 लोग उपस्थित रहे।
साथ ही अम्बिकापुर संभाग कर्मचारियों के साथ बैठक, तनावमुक्त कार्य वातावरण पर जोर
महाप्रबंधक के दौरे के दौरान बैंक के स्टाफ सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई। इसमें बैंक में तनावमुक्त कार्य वातावरण निर्मित करने, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मधुर संबंध स्थापित करने तथा कर्मचारियों को अपनी समस्याएं और शिकायतें सहजता से रखने का अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर आपसी संवाद, बेहतर कार्य संस्कृति और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के महत्व पर जोर दिया गया।
पियून से शाखा प्रबंधक तक के कर्मचारियों के साथ रात्रिभोज
दौरे के दौरान एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह ने पियून से लेकर शाखा प्रबंधक तक के कर्मचारियों के साथ सहभागिता की। इस आयोजन का उद्देश्य बैंक के सभी स्तरों के कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द, आत्मीयता और बेहतर संबंधों को प्रोत्साहित करना रहा।
एमएसएमई उद्यमियों के साथ बैठक में उद्योग संबंधी मुद्दों पर चर्चा
18 सितंबर 2026 को बिलासपुर-अंबिकापुर संभाग के उद्योगपतियों के साथ एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों एवं एमएसएमई क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान बैंक से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। बैंक की ओर से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं को लागू करने के संबंध में आश्वासन भी दिया गया।
बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक का यह दौरा शाखा विस्तार, ग्राहक जागरूकता, कर्मचारी संवाद तथा उद्योग जगत के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts