छत्तीसगढ़रायपुर

राजभाषा कार्यान्वयन में बैंक ऑफ बड़ौदा का शानदार प्रदर्शन, लगातार पांचवीं बार सम्मान

मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा को राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार की ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए 800 से अधिक कार्मिकों वाले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों/वित्तीय संस्थानों की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। बैंक को लगातार पांचवीं बार यह पुरस्कार मिला है।

यह पुरस्कार 14 सितंबर 2026 को नवी मुंबई के सिडको एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित हिंदी दिवस 2026 एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बंडी संजय कुमार ने बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद को पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर राजभाषा विभाग की सचिव अंशुली आर्या भी उपस्थित रहीं।

डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि यह पुरस्कार बैंक के उन करोड़ों ग्राहकों के प्रति प्रतिबद्ध सेवा का परिचायक है, जो अपनी भाषाओं में बैंकिंग सुविधाएं प्राप्त करने में सहज महसूस करते हैं। बैंक बॉब वर्ल्ड, व्हाट्सऐप बैंकिंग, चैटबॉट्स और कॉल सेंटर सहित अपने डिजिटल एवं भौतिक माध्यमों में बहुभाषी बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में ग्राहकों और स्टाफ सदस्यों के बीच संवाद को अधिक सहज और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से AI समर्थित टूल ‘bob SAMVAD’ की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से भारत की विभिन्न भाषाओं में रियल टाइम बातचीत के जरिए ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने और शाखा स्तर पर ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा को पिछले पांच वर्षों में लगातार पांचवीं बार राजभाषा कीर्ति पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इनमें तीन वर्ष प्रथम पुरस्कार और दो वर्ष द्वितीय पुरस्कार शामिल हैं।

इसके अलावा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों की श्रेणी में बैंक के संयोजन में कार्यरत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय), अयोध्या को ‘क’ भाषाई क्षेत्र के अंतर्गत द्वितीय पुरस्कार मिला है। वहीं, बैंक के संयोजन में देशभर में कार्यरत 18 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों को 15 सितंबर 2026 को भारत सरकार की ‘नराकास प्रोत्साहन सम्मान’ योजना के तहत पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस प्रकार बैंक ऑफ बड़ौदा को समग्र रूप से कुल 20 पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, मुंबई अंचल मधुर कुमार, प्रमुख-राजभाषा एवं संसदीय समिति डॉ. पुनीत कुमार मिश्र, नवी मुंबई क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख मनीष कुमार सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts