देशनई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर दौरे पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, बोले- 370 हटने के बाद बदली प्रदेश की तस्वीर

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे। मिश्रीवाला में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर त्याग, बलिदान और वीरता की भूमि है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में शांति, विकास और सुशासन का नया दौर शुरू हुआ है।
डॉ. मुखर्जी के बलिदान को किया याद
नितिन नवीन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन करोड़ों देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “एक विधान, एक निशान और एक प्रधान” का सपना साकार हुआ है। साथ ही माता वैष्णो देवी की कृपा और डोगरा वीरों के बलिदान को भी नमन किया।
‘370 हटने के बाद बदला जम्मू-कश्मीर’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रदेश में व्यापक बदलाव आया है। उनके अनुसार अब लाल चौक समेत पूरे जम्मू-कश्मीर में तिरंगा शान से लहराता है, अलगाववाद, पत्थरबाजी और बंद की राजनीति समाप्त हो चुकी है तथा विकास और निवेश का माहौल बना है।
कांग्रेस और उमर अब्दुल्ला सरकार पर निशाना
नितिन नवीन ने कांग्रेस पर राष्ट्रविरोधी तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया। वहीं, जम्मू-कश्मीर की उमर अब्दुल्ला सरकार पर जम्मू क्षेत्र के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सभी क्षेत्रों और समुदायों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
विकास, सुरक्षा और युवाओं पर जोर
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सड़क, हवाई अड्डों और बुनियादी ढांचे के विकास को गति दी है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है, सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हुई हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए गरीबों को सशक्त बनाया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि पहले जम्मू-कश्मीर के युवाओं की पहचान पत्थरबाजी से जोड़ी जाती थी, लेकिन आज वही युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव प्रदेश में स्थापित शांति, सुरक्षा और विकास का परिणाम है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts