रायपुर (विश्व परिवार)। शहर में आवारा मवेशियों की समस्या अब सार्वजनिक सुविधाओं तक पहुंच गई है। SBI के ATM कक्ष में सांड के डेरा जमाए रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पूरा मामला जुट मिल इलाके में थाने के पास का है।
वीडियो सामने आने के बाद ATM की सुरक्षा और बैंक प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ATM के अंदर खतरनाक सांड के मौजूद होने के कारण ग्राहक वहां जाने से कतरा रहे हैं। ऐसे में ATM का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए परेशानी की स्थिति बनी हुई है।
पहले तैनात रहते थे गार्ड, अब आवारा जानवरों का कब्जा
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कई ATM के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते थे, जिससे लोगों को सुरक्षा का भरोसा रहता था, लेकिन अब कई जगहों पर गार्ड नजर नहीं आते। इसका फायदा उठाकर शाम होते ही आवारा मवेशी ATM परिसर में घुस जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर के कई ATM में शाम के समय आवारा जानवरों का जमावड़ा देखने को मिलता है। ऐसे में ATM का इस्तेमाल करने पहुंचने वाले ग्राहकों को असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है।
ATM में सांड का डेरा, ग्राहक लौटने को मजबूर
जुट मिल इलाके के ATM में सांड के घुसने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। ATM के अंदर सांड को देखकर ग्राहक वहां प्रवेश करने से बच रहे हैं। लोगों ने बैंक प्रबंधन से ATM की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और आवारा मवेशियों की एंट्री रोकने की व्यवस्था करने की मांग की है। फिलहाल वीडियो कब का है और ATM में सांड कितनी देर तक मौजूद रहा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







