भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रमुख चौक-चौराहों एवं सड़कों के बीच लगे विद्युत एवं अन्य पोल पर लगाए गए सामाजिक, राजनीतिक तथा अवैध बैनर-पोस्टर को हटाने का अभियान लगातार जारी है। निगम प्रशासन द्वारा ऐसे बैनर-पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जो शहर की सुंदरता को प्रभावित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त सड़कों पर लगाए गए बैनर-पोस्टर राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं। इससे वाहन चलाते समय सड़क से ध्यान भटकने की संभावना रहती है, जिसके कारण सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा विद्युत पोल, डिवाइडर एवं सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से लगाए गए प्रचार सामग्री से शहर का स्वरूप भी प्रभावित होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों का निरीक्षण कर अवैध रूप से लगाए गए बैनर-पोस्टर को हटाने की कार्रवाई की गई। टीम द्वारा पोल, सड़क किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए प्रचार सामग्री को निकालकर मार्गों को व्यवस्थित किया गया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों, विद्युत पोल एवं यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर बिना अनुमति बैनर-पोस्टर लगाना उचित नहीं है। ऐसे मामलों में निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य शहर की सुंदरता बनाए रखने के साथ ही यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाना है। नगर निगम द्वारा नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत रूप से बैनर-पोस्टर न लगाएं तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।







