राजनांदगांव (विश्व परिवार)। जिले में मवेशियों की चोरी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी की गई चार मवेशियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। वहीं इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नगदी समेत कुल 96 हजार रुपये की संपत्ति भी जब्त की है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रुस्तम यादव ने लालबाग थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल को उसने अपने मवेशियों को चरने के लिए छोड़ा था, लेकिन उनमें से दो गाय और एक भैंस वापस नहीं लौटे। संदेह होने पर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें आरोपी जंगलपुर स्थित आरुगविला के पास से मवेशियों को ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 गाय और 1 भैंस बरामद की गई है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, तथा बिक्री की 6 हजार रुपये नगद राशि भी जब्त की गई। इस तरह कुल 96 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। मामले में संलिप्त 5 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तामेश्वर यादव और समीर यादव के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।








